ऑपरेशन सिंदूर के बाद सीमा पर अलर्ट, पंजाब और राजस्थान में कड़ी सुरक्षा

पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिससे तनाव बढ़ गया है। इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान सीमा पार से लगातार फायरिंग कर रहा है। सीमा पर स्थिति को देखते हुए सीमावर्ती राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

पंजाब और राजस्थान में हाई अलर्ट

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पंजाब और राजस्थान में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इन दोनों राज्यों में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। पंजाब-पाकिस्तान सीमा की लंबाई 532 किलोमीटर है, जबकि राजस्थान-पाकिस्तान सीमा लगभग 1,070 किलोमीटर लंबी है। दोनों राज्यों में सीमा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द

सीमा पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पंजाब पुलिस ने अपने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। सीमा से सटे छह जिलों में स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया गया है।

वहीं राजस्थान सरकार ने भी पाकिस्तान से सटे चार जिलों – जैसलमेर, श्रीगंगानगर, बीकानेर और बाड़मेर में सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। इन जिलों में तैनात सभी प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

गुरदासपुर में ब्लैकआउट का आदेश

पंजाब के गुरदासपुर जिले में आज रात से फुल ब्लैकआउट का ऐलान किया गया है। रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक ब्लैकआउट रहेगा। हालांकि, सेंट्रल जेल और अस्पतालों में यह नियम लागू नहीं होगा, लेकिन खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी सरकारी कार्यक्रम स्थगित

पंजाब में सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। डीजीपी कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रशासनिक कारणों से सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। केवल विशेष परिस्थितियों में ही सक्षम अधिकारी की अनुमति से छुट्टी दी जा सकेगी।

राजस्थान में भी कड़ी चौकसी

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सुरक्षा के मद्देनजर अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी पुलिसकर्मी मुख्यालय में मौजूद रहें। राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी ने मंडल आयुक्तों, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

अलर्ट पर सीमावर्ती राज्य

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच सीमावर्ती राज्यों में एहतियात के तौर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। राज्य सरकारें किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here