एअर इंडिया की पुणे-दिल्ली फ्लाइट पर पक्षी टकराया, वापसी की उड़ान रद्द

शुक्रवार को दिल्ली से पुणे जा रही एअर इंडिया की एक उड़ान में पक्षी के टकरा जाने की घटना सामने आई, जिसके चलते एयरलाइन को उसकी वापसी की सेवा रद्द करनी पड़ी। एयर इंडिया ने बयान जारी कर बताया कि विमान पुणे हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंड कर गया था और वहां उतरने के बाद पक्षी के टकराने का पता चला।

तकनीकी जांच के लिए विमान सेवा रोकी गई

एयरलाइन के अनुसार, विमान को अगली उड़ान के लिए रोका गया है और इंजीनियरिंग विभाग द्वारा इसकी पूरी तकनीकी जांच की जा रही है। एयर इंडिया ने बताया कि 20 जून को पुणे से दिल्ली के लिए निर्धारित फ्लाइट AI-2470 को सुरक्षा कारणों से रद्द किया गया है। यह निर्णय विमान की जांच के बाद लिया गया।

यात्रियों के लिए वैकल्पिक इंतजाम

फ्लाइट रद्द होने के बाद यात्रियों को दिल्ली पहुंचाने के लिए वैकल्पिक प्रबंध किए जा रहे हैं। साथ ही एयरलाइन द्वारा ठहरने, भोजन की सुविधा और टिकट रद्द कराने पर पूरा पैसा लौटाने या यात्रा पुनर्निर्धारित करने के विकल्प भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

रखरखाव के कारण आठ उड़ानें रद्द, चार अंतरराष्ट्रीय शामिल

वहीं दूसरी ओर, एअर इंडिया ने शुक्रवार को रखरखाव और संचालन से जुड़े कारणों के चलते आठ उड़ानों को रद्द किया है, जिनमें चार अंतरराष्ट्रीय सेवाएं भी शामिल हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए ग्राउंड टीम द्वारा वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

21 जून से अंतरराष्ट्रीय सेवाओं में कटौती

हाल ही में हुई विमान दुर्घटना के मद्देनजर एअर इंडिया ने सुरक्षा मानकों को और कड़ा किया है। इसके चलते एयरलाइन ने 21 जून से 15 जुलाई 2025 के बीच प्रति सप्ताह 38 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को घटाने और तीन विदेशी मार्गों पर अस्थायी रूप से सेवाएं स्थगित करने का निर्णय लिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here