नागपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को कहा कि दुनिया जिस दिशा में बढ़ रही है, उसमें वैश्विक संघर्ष की स्थिति कभी भी विश्व युद्ध में बदल सकती है। उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन और इस्राइल-ईरान जैसे युद्धों के चलते पूरी दुनिया में टकराव का वातावरण बन गया है। नागपुर में ‘बियॉन्ड बॉर्डर्स’ पुस्तक के विमोचन अवसर पर बोलते हुए गडकरी ने यह चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा, “आज वैश्विक स्तर पर संघर्ष की स्थितियां बन रही हैं। महाशक्तियों के बीच बढ़ती तानाशाही और अधिनायकवादी सोच के चलते सौहार्द, समन्वय और प्रेम का वातावरण समाप्त होता जा रहा है। युद्ध की स्थिति किसी भी वक्त भयानक रूप ले सकती है।”
भारत की संस्कृति ने हमेशा दिया शांति और अहिंसा का संदेश
गडकरी ने भारत की सांस्कृतिक पहचान को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत वह देश है जिसने दुनिया को महात्मा बुद्ध के माध्यम से सत्य, अहिंसा और शांति का संदेश दिया। भारत की विचारधारा हमेशा संघर्ष से दूर रहकर संवाद और सह-अस्तित्व को प्राथमिकता देती रही है।
बदली है युद्ध की परिभाषा, बढ़ा है मानवता पर खतरा
केंद्रीय मंत्री ने आधुनिक युद्ध तकनीकों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अब पारंपरिक युद्ध की जगह हाईटेक हथियारों जैसे मिसाइल और ड्रोन का इस्तेमाल बढ़ गया है। “आज मिसाइलें सीधे आम नागरिकों की बस्तियों पर गिराई जा रही हैं, जिससे निर्दोष लोगों का जीवन संकट में पड़ रहा है। यह स्थिति मानवीय सभ्यता के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है,” उन्होंने कहा।
गडकरी ने अपील की कि वैश्विक नेताओं और संगठनों को इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करना चाहिए ताकि शांति और स्थिरता को कायम रखा जा सके।