असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राजनीतिक जबरदस्त तरीके से जारी है। भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। इन सब के बीच आज राहुल गांधी ने एक प्रेस कांफ्रेंस करके असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर निशाना साधा है। उन्होंने एक बार फिर से दोहराया है कि असम के मुख्यमंत्री देश में सबसे भ्रष्ट है। उन्होंने दावा किया कि असम के मुख्यमंत्री का जिस तरीके से रवैया है, उससे भारत जोड़ो न्याय यात्रा को फायदा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हम असम के मुख्यमंत्री से डरते नहीं है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि विपक्ष की लड़ाई कांग्रेस लड़ रही है। देश में बेरोजगारी, महंगाई चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि बजरंग दल का वो रास्ता नहीं रोकते, हमारा रास्ता क्यों रोक रहे हैं। 

कांग्रेस नेता ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री यात्रा के खिलाफ जो कुछ भी कर रहे हैं, उससे यात्रा को फायदा है। जो प्रचार हमें नहीं मिला होगा, ऐसा करके असम के सीएम और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हमारी मदद कर रहे हैं। अब, असम में मुख्य मुद्दा यात्रा है...यह उनकी डराने-धमकाने की रणनीति है...न्याय का हमारा संदेश लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन एक विचारधारा है। यही नरेंद्र मोदी से मुकाबला करेगा। उन्होंने कहा कि 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के पीछे न्याय की सोच है, जिसके 5 स्तंभ हैं। युवा न्याय, भागीदारी, नारी न्याय, किसान न्याय, श्रमिक के लिए न्याय। इन स्तंभ के लिए कांग्रेस पार्टी एक प्रोग्राम आपके सामने एक महीने में रखेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली से असम की सरकार चल रही। 

राहुल गांधी ने साफ तौर पर कहा कि हमें छात्रों से नहीं मिलने दिया जा रहा है। हमें मंदिर नहीं जाने दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता पूछ रही है कि हमें क्यों रोका जा रहा है? उन्होंने इंडिया गठबंधन को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि हमारे इंडिया गठबंधन के साथ हमारे इस न्याय यात्रा से जुड़े। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के साथ हमारा और हमारी पार्टी का बहुत अच्छा रिश्ता है। राहुल ने कहा कि हमने इंडिया गठबंधन के अपने सहयोगियों को न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए निमंत्रण भी दिया है। पश्चिम बंगाल में सीट बंटवारे को लेकर जारी तनातनी के बीच उन्होंने कहा कि चर्चा जारी है और जल्द ही रिजल्ट सामने आएगा।