भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला एक्सिओम-4 मिशन के साथ रवाना

भारतीय मूल के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य क्रू सदस्यों को लेकर एक्सिओम-4 मिशन बुधवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की ओर रवाना हुआ। भारतीय समयानुसार दोपहर 12:01 बजे यह मिशन सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया। स्पेसएक्स और नासा के इस संयुक्त मिशन में शामिल चारों अंतरिक्ष यात्री लगभग 28 घंटे की यात्रा के बाद गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे ISS पर पहुंचेंगे।

अंतरिक्ष से शुभांशु का पहला संदेश

उड़ान के बाद अंतरिक्ष यान से शुभांशु शुक्ला का पहला संदेश सामने आया। उन्होंने कहा, “नमस्कार मेरे प्यारे देशवासियों, 41 वर्षों बाद हम फिर अंतरिक्ष में पहुंचे हैं। फिलहाल हम पृथ्वी की कक्षा में 7.5 किलोमीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से यात्रा कर रहे हैं। मेरे कंधे पर तिरंगा है, जो मुझे यह एहसास दिला रहा है कि मैं अकेला नहीं हूं, आप सब मेरे साथ हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “यह सिर्फ मेरी यात्रा की शुरुआत नहीं है, बल्कि भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम का आरंभ है। मैं चाहता हूं कि देशवासी इस ऐतिहासिक मिशन का हिस्सा बनें। आइए, मिलकर भारत के अंतरिक्ष अभियान को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। जय हिंद, जय भारत!”

कई बार टली लॉन्चिंग, अब पहुंचा नया मुकाम

Axiom-4 मिशन को पहले 29 मई को लॉन्च किया जाना था, लेकिन तकनीकी और मौसम संबंधी कारणों से इसे कई बार स्थगित करना पड़ा। बाद में इसे क्रमशः 8, 10 और 11 जून के लिए टाल दिया गया। आखिरकार, 24 जून को यह मिशन सफलतापूर्वक लॉन्च हो सका।

स्पेस में 14 दिन का प्रवास

यह Axiom का चौथा प्राइवेट मिशन है, जिसमें भारत, अमेरिका, पोलैंड और हंगरी के चार अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं। सभी एस्ट्रोनॉट्स अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर लगभग 14 दिन का समय बिताएंगे और वहां विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों और अनुसंधान में हिस्सा लेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here