देशभर में मानसून ने कई राज्यों में दस्तक दे दी है और बारिश का दौर शुरू हो चुका है। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश दर्ज की गई है। राजधानी दिल्ली में भी मानसून के 27 जून तक पहुंचने की संभावना है, लेकिन इससे पहले ही मौसम में बदलाव देखा गया है। सोमवार शाम दिल्ली में हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
दिल्ली का मौसम और पूर्वानुमान
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अगले तीन दिनों के दौरान यहां तेज बारिश, आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की गई है।
मध्य और पूर्वी भारत में भारी बारिश का अलर्ट
24 जून को पश्चिमी मध्य प्रदेश और 24 से 27 जून के बीच समूचे मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसी तरह बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

द्वीप क्षेत्रों और पश्चिम भारत में मौसम का हाल
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ व्यापक वर्षा की संभावना है। कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात राज्य में भी 24 से 29 जून के बीच भारी वर्षा के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हरियाणा में भी अगले तीन दिनों तक रुक-रुक कर बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में सावधानी की अपील
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे मौसम की जानकारी के बाद ही यात्रा करें। बद्रीनाथ हाईवे पर सोमवार को बारिश के बाद भूस्खलन से कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ।
तेज हवाओं और बिजली की संभावना
पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में बारिश के साथ 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। असम, मेघालय, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश में आज भारी बारिश हो सकती है और पूर्वोत्तर भारत में पूरे सप्ताह बारिश का सिलसिला बना रह सकता है।
इन राज्यों में सक्रिय है मानसून
केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना, लक्षद्वीप और माहे सहित दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी मानसून पहुंच चुका है। उत्तर भारत के राज्य जैसे हिमाचल, उत्तराखंड, यूपी और महाराष्ट्र में मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं।