देश के विभिन्न हिस्सों में भीषण गर्मी से परेशान लोग अब मानसून की दस्तक का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बीच दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में मानसूनी प्रभाव के चलते अच्छी बारिश देखने को मिल रही है, वहीं दिल्ली सहित उत्तर भारत के कुछ मैदानी और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में प्री-मॉनसून वर्षा दर्ज की गई है।
दिल्ली-NCR में प्री-मॉनसून से राहत, आज येलो अलर्ट
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अब तक बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और ओडिशा के अधिकांश क्षेत्रों में दस्तक दे दी है। आने वाले दो दिनों में इसके गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है। राजधानी दिल्ली में बीते दिन तेज हवाओं और बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है और तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। आज दिल्ली के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। शाम या रात के समय हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है। अगले तीन दिनों तक राजधानी में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
इन राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दो निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय हैं—एक दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल के गंगा मैदान में तथा दूसरा गुजरात क्षेत्र में। इन दबाव क्षेत्रों के कारण पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में आज और कल कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। इन राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
आज और कल उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी वर्षा के आसार हैं, साथ ही गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, हरियाणा, राजस्थान, विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। तेलंगाना, मराठवाड़ा और विदर्भ में भी हल्की वर्षा हो सकती है।
गुजरात, कोंकण और पूर्वोत्तर में भारी बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, उत्तर बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में भी हल्की से मध्यम वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है।