झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और दो बच्चे कोरोना पॉजिटिव

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के घर तक कोरोना पहुंच गया है। उनके घर पर पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की रिपोर्ट निगेटिव है। सीएम की पत्नी कल्पना सोरेन और दोनों बच्चे नितिल सोरेन(12) और विश्वजीत सोरेन (09) की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

मुख्यमंत्री आवास से 13 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद और वरीय आप्त सचिव सुनील कुमार श्रीवास्तव की रिपोर्ट निगेटिव है। कई लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। सीएम की पत्नी और दोनों बच्चों के अलावा उनकी साली की रिपोर्ट पॉजिटिव है। पांचवा संक्रमित सीएम आवास पर तैनात एक गार्ड बताया जा रहा है। सभी होम आइसोलेशन में हैं।

बताया जाता है कि कोरोना का हल्का सिम्पटम मिलने के बाद शुक्रवार को CM हाउस से 13 लोगों का सैंपल लिया गया था। इसमें CM की पूरी फैमिली के अलावा उनके सलाहाकार अभिषेक प्रसाद व गार्ड शामिल थे। सैंपल की जांच RIMS के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के लैब में हुआ था।

पांच लोगों में कोरोना की पुष्टि होने के बाद CM हाउस से 62 और लोगों का सैंपल लिया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों का एहतियात कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया है। इनकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री भी पॉजिटिव

स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की कोविड टेस्ट रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने उनसे संपर्क में आये लोगों से कोरोना जांच जरूर कराने को कहा है। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह के साथ कुछ विभागों के सचिव के भी पॉजिटिव हुए हैं। तबीयत खराब होने के बाद काफी संख्या में अधिकारी आइसोलेशन में चले गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के दो संयुक्त सचिव समेत लगभग आधा दर्जन कर्मचारी पॉजिटिव हैं। एनएचएम एमडी, आईडीएसपी के स्टेट इंचार्ज भी बीमार हो गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here