ऊना में जेपी नड्डा ने भाजपा जिला कार्यालय का किया उद्घाटन

शिमला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को ऊना में भाजपा कार्यालय के भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर नड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा एक अलग और स्पष्ट विचारधारा वाला राजनीतिक दल है। भाजपा एक ऐसी राष्ट्रीय पार्टी है जो क्षेत्रीय आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन था कि राज्य और जिला स्तर पर भाजपा का अपना मुख्यालय एवं भवन होना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में पूरे देश में 512 पार्टी कार्यालयों के निर्माण का निर्णय लिया था। इनमें से 235 कार्यालयों के कार्य पूरे हो चुके हैं और शेष कार्यालयों पर काम चल रहा है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इन कार्यालयों के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता बेहतर ढंग से कार्य कर सकेंगे तथा पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर लागू करने में सक्षम होंगे।

जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि आज भाजपा 18 करोड़ से अधिक समर्पित और प्रतिबद्ध कार्यकर्ताओं के साथ दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। दूसरी तरफ सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस का देश से सफाया हो गया है। भाजपा अध्यक्ष ने हिमाचल के लोगों से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि राज्य में फिर से भाजपा की सरकार बने। उन्होंने कहा कि भाजपा ने समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आठ सालों के दौरान देश भर में 22 एम्स स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में भी एम्स बनकर तैयार हो गया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अक्तूबर को इसे प्रदेश को समर्पित करेंगे। जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेशवासियों से इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनने का भी आग्रह किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से राज्य में दोबारा भाजपा को सत्ता में लाने का आग्रह किया, ताकि प्रधानमंत्री के हाथ मजबूत हो सकें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि यह हिमाचल के लोगों का सौभाग्य है कि आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व प्रदेश का एक पार्टी कार्यकर्ता कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में अपने आधार को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के पुराने कार्यकर्ता यह सोच भी नहीं सकते थे कि भारतीय जनता पार्टी का न केवल राज्य में बल्कि जिला स्तर पर भी अपना कार्यालय भवन होगा। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय भाजपा नेतृत्व और नीतियों पर लोगों के दृढ़ विश्वास और समर्थन को जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here