केशव प्रसाद मौर्य पहुंचे मेरठ, अधिकारियों के साथ करेंगे बैठक

सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को मेरठ पहुंचे। यहां वह सर्किट हाउस में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। यहां जिले के विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक होगी। दोपहर 2:35 बजे वह राजेंद्रपुरम स्थित जल शक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक के आवास पर पहुंचे। उसके बाद भैसाली मैदान में चल रही श्रीराम कथा में हिस्सा लेंगे। 

गंगानगर के राजेंद्र पुरम स्थित जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण राज्यमंत्री दिनेश खटीक के आवास पर बुधवार दोपहर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य उन्हें सांत्वना देने पहुंचे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दिनेश खटीक की माता सरोज देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उसके बाद उनके पिता व भाई से वार्ता की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी माता का स्वभाव बहुत ही शालीन रहा। ऐसे व्यक्तित्व बहुत कम देखने को मिलता हैं। इस दौरान दिनेश खटीक ने उनके बारे में पूरी जानकारी दी। करीब 20 से 25 मिनट रुकने के पश्चात वह सर्किट हाउस के लिए रवाना हो गए।  

भैसाली मैदान आयोजित श्रीराम कथा में भी उप मुख्यमंत्री पहुंचेंगे। श्रीराम कथा पर भगवा रंग चढ़ गया है। मंगलवार को श्रद्धालुओं ने भाजपा के पक्ष के नारे लगाए। भजन गायक कन्हैया मित्तल ने जैसे ही ‘जो राम लाए हैं हम उनको लाएंगे, यूपी में फिर हम भगवा लहराएंगे’ गीत सुनाया तो पूरे पंडाल में जय श्रीराम के साथ योगी और मोदी के जयकारे गूंजने लगे।

महिलाएं जय श्रीराम के जयकारे लगाकर झूमने लगीं। श्रीराम कथा के प्रथम दिन चिन्मयानंद बापू जी ने युवा पीढ़ी को श्रीराम के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश आया तो देश के लोग रामराज की कल्पना करने लगे। मंदिर निर्माण के साथ सभी के सपने साकार हो गए।

कथा स्थल पर भव्य मंदिर का निर्माण किया गया है। मुख्य यजमान सांसद राजेंद्र अग्रवाल, रवि माहेश्वरी, अक्षीव अग्रवाल, डॉ. रामकुमार गुप्ता, ज्ञानेंद्र अग्रवाल, अमित गर्ग मूर्ति ने चिन्मयानंद बापू जी की आरती की। बापू ने हनुमान जी के आह्वान के साथ कथा आरंभ की।

महाराज श्री ने कहा कि संकल्प का संख्या ठाकुर जी की कृपा से आता है और उसे पूरा करने की जिम्मेदारी मनुष्य की होती है। रामायण से हमें सीखने को मिलता है कि पुत्र, पिता, भाई, मित्र और शत्रु कैसा होना चाहिए। महाराज श्री ने कहा कि दुश्मनी करो तो ऐसी करो कि अगर कभी दोस्ती हो जाए तो शर्मिंदा न होना पड़े। कथा शुरू होने के बाद पहले 3 हजार कुर्सी की व्यवस्था की गई। भीड़ बढ़ने पर पुन: एक हजार कुर्सी मंगवाई गई। आज उपमुख्यमंत्री समेत कई गणमान्यों के पहुंचने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here