तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम रविवार को एक बार फिर बढ़ा दिए जिससे मुंबई में पेट्रोल पहली बार 101 रुपये और दिल्ली में 95 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया है।
देश के चार महानगरों में आज पेट्रोल की कीमत 27 पैसे तक और डीजल की 31 पैसे तक बढ़ाई गई। 04 मई से अब तक 19 दिन पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं जबकि शेष 15 दिन कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस दौरान दिल्ली में पेट्रोल 4.63 रुपये तथा डीजल 5.22 रुपये महंगा हो चुका है।
इंडियन ऑयल कॉपोर्रेशन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और मुंबई में पेट्रोल की कीमत 27-27 पैसे बढ़कर क्रमश: 95.03 रुपये 101.25 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई।
डीजल दिल्ली में 29 पैसे और मुंबई में 31 पैसे महंगा हुआ। एक लीटर डीजल की कीमत मुंबई में 93.30 रुपये और दिल्ली में 85.95 रुपये प्रति लीटर हो गई।
कोलकाता में पेट्रोल 26 पैसे महंगा होकर 95.02 रुपये और डीजल 29 पैसे महंगा होकर 88.80 रुपये प्रति लीटर पर रहा। चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 24 पैसे और डीजल की 28 पैसे बढ़ी। वहां एक लीटर पेट्रोल 96.47 रुपये और एक लीटर डीजल 90.66 रुपये का मिला।
शहर का नाम | पेट्रोल रुपये/लीटर | डीजल रुपये/लीटर |
मुंबई | 101.25 | 93.30 |
दिल्ली | 95.03 | 85.95 |
चेन्नई | 96.47 | 90.66 |
कोलकाता | 95.02 | 88.08 |
स्रोत: IOC
ऐसे बढ़ जाता है पेट्रोल-डीजल का रेट
पेट्रोल व डीजल के दाम में एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और अन्य चीजें जोड़ने के बाद इसका दाम लगभग दोगुना हो जाता है। अगर केंद्र सरकार की एक्साइज ड्यूटी और राज्य सरकारों का वैट हटा दें तो डीजल और पेट्रोल का रेट लगभग 27 रुपये लीटर रहता, लेकिन चाहे केंद्र हो या राज्य सरकार, दोनों किसी भी कीमत पर टैक्स नहीं हटा सकती। क्योंकि राजस्व का एक बड़ा हिस्सा यहीं से आता है। इस पैसे से विकास होता है।
हर सुबह होती तय होती हैं कीमतें
दरअसल विदेशी मुद्रा दरों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमत के आधार पर रोज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां कीमतों की समीक्षा के बाद रोज़ाना पेट्रोल और डीजल के रेट तय करती हैं। इंडियन ऑयल , भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम रोज़ाना सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल की दरों में संशोधन कर जारी करती हैं।