पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सपा का टिकट चाहने वालों की लंबी कतार

विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस बार सपा नेताओं में टिकट के लिए घमासान मचेगा, क्योंकि सात विधानसभाओं के लिए 100 से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया है। आवेदन करने वालों में दिग्गजों के साथ युवा कार्यकर्ता भी शामिल हैं।

सपा इस बार नए और युवा चेहरों पर दांव खेल सकती है। हालांकि दिग्गज नेता भी पूरा जोर लगाएंगे कि उन्हें टिकट मिले। 2017 विधानसभा चुनाव में सपा मेरठ जिले की सात में से शहर की एक विधानसभा सीट ही जीत पाई थी। मेरठ दक्षिण और मेरठ कैंट सीट गठबंधन में कांग्रेस के पास थी, जबकि अन्य चार सीटों पर उसे हार का सामना करना पड़ा था। 

शहर से विधायक रफीक अंसारी एकमात्र जीते थे, इसलिए उनकी दावेदारी इस बार भी मजबूत है। इस बार सपा का रालोद से गठबंधन तय माना जा रहा है, ऐसे में इस बार दो सीटें रालोद के खाते में जाने की उम्मीद है। दिग्गज जो अपनी किस्मत आजमाने की कोशिश करेंगे, उनमें हस्तिनापुर सीट से दो बार जीत चुके प्रभुदयाल वाल्मीकि, तीन बार किठौर से जीते पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर और सिवालखास से विधायक रह चुके गुलाम मोहम्मद प्रमुख हैं। सरधना से अतुल प्रधान पिछला चुनाव हार गए थे, लेकिन पार्टी मुखिया अखिलेश यादव के करीबी होने के कारण फिर से टिकट के लिए दावेदारी की है। 

कांग्रेस और आप की सक्रियता से बेचैनी
पिछले दिनों जिस तरह से विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस यूपी में मुखर रही है और सड़क पर उतरी है, इससे सपा में बेचैनी है। भाजपा का विकल्प साबित करने के लिए पार्टी ने संघर्ष शुरू कर दिया है। आप भी अपने पैर जमाने की कोशिश कर रही है। पहली बार उत्तर प्रदेश के चुनाव में उतरने जा रही है। आम आदमी पार्टी ने भी यूपी में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।

मेरठ कैंट                        संजीव गुप्ता, परविंद्र इशू, कौशल भदौड़ा 
सिवाल खास                    चौधरी राजपाल सिंह, गुलाम मोहम्मद, माजिद चौहान 
सरधना                           अतुल प्रधान, रिहानुद्दीन, गौरव प्रधान 
किठौर                            शाहिद मंजूर, बाबर चौहान, यूसुफ सैफी 
हस्तिनापुर                       प्रभुदयाल वाल्मीकि, योगेश वर्मा, विपिन मनोठिया 
दक्षिण मेरठ                    आदिल चौधरी, पवन गुर्जर, इकरामुद्दीन सैफी 
शहर मेरठ                      रफीक अंसारी, आदिल अंसारी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here