मैनपुरी में भी खिलेगा कमल: एटा में बोले डिप्टी सीएम मौर्य

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को एटा में कहा कि आजमगढ़, रामपुर, गोला में कमल खिल चुका है। अब मैनपुरी में भी कमल खिलेगा। कमल खिलने का युग आ गया है, साइकिल को जनता ने पंक्चर कर दिया है। प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव को लेकर बोले कि हम किसी की नाराजगी का फायदा नहीं उठाना चाहते। सेवा करने का अवसर मांग रहे हैं।

मैनपुरी में भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को लोकसभा उपचुनाव में नामांकन कराने के लिए जाने से पहले वह हेलीकॉप्टर से एटा पुलिस लाइन उतरे। यहां कार से मैनपुरी के लिए रवाना हुए। इस दौरान मैनपुरी लोकसभा सीट अब तक न जीतने के सवाल पर कहा कि नेताजी का हमारी पार्टी और नेतृत्व सम्मान करता था। इसलिए प्रचार नहीं किया जाता था। मैनपुरी में हमारे दो विधायक हैं, सांसद भी जीतेंगे। 

चुनाव में शिवपाल यादव की भूमिका के सवाल पर कहा कि जो भी सहयोग करना चाहता है, सबका स्वागत है। कमल खिलेगा तो विकास, सुरक्षा, सुशासन मिलेगा। लोग कमल खिलाने के लिए तैयार हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि फिरोजाबाद, बदायूं, आजमगढ़, रामपुर जैसे नेताओं को समाजवादी पार्टी अपना गढ़ समझती थी, वो अब कमल का गढ़ हैं। 

साथ आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि अब कहीं कोई गढ़ नहीं है, प्रदेश और पूरा देश भाजपा का गढ़ है। रामपुर, आजमगढ़ जीते हैं, शत प्रतिशत बड़े अंतर से मैनपुरी भी जीतेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here