मथुराःदिल्ली हाईवे के किनारे बिना लाइसेंस के हुक्का बार चल रहा था। लोगों की शिकायत पर मंगलवार रात 12 बजे कृष्णा नगर चौकी पुलिस ने छापा मारा तो वहां मौजूद करीब 30 युवक भागने लगे। 14 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें मुचलका भरकर रिहा कर दिया गया। युवकों की उम्र 18 से 25 वर्ष है।
काफी समय से चल रहा था हुक्का बार
दिल्ली हाईवे के किनारे हुक्का बार काफी समय से चल रहा था। ऐसा स्थानीय लोगों का कहना है। रोजाना यहां युवक बार के अंदर और बाहर खड़े होकर नशे में हंगामा करते थे।
जिसकी जानकारी शहर कोतवाली और कृष्णा नगर चौकी पुलिस को दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लोगों का यहां तक कहना है कि दिन में कई बार पुलिस भी गश्त करती थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। सीओ वरुण कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की गई है।