2024 में एनडीए को मिलेगी स्पष्ट बहुमत: राजनाथ

भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह महराजगंज में निजी दौरे पर पहुंचे। उन्होंने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के पारिवारिक समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।

रक्षा मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि इसमें कोई दो राय नहीं है कि भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जन सामान्य की विश्वसनीयता बढ़ी है। देश की जनता को पीएम मोदी के नेतृत्व पर पूरा विश्वास है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व की एनडीए सरकार को केवल स्पष्ट बहुमत ही नहीं, बल्कि पिछली बार से भी अधिक सीटें भाजपा और एनडीए को मिलने वाली है। 

राहुल गांधी द्वारा विदेशों में उठाए के सवाल के जवाब पर रक्षा मंत्री ने कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है, इस सच्चाई को कोई नकार नहीं सकता कि अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। भारत का कद अंतरराष्ट्रीय जगत में ऊंचा हुआ है। पहले लोग भारत की बातों को उतनी गंभीरता से नहीं लेते थे। जितनी गंभीरता पूर्वक इस समय लेते हैं। आज अगर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत बोलता है, तो सारी दुनिया कान खोलकर सुनती है कि भारत बोल क्या रहा है। राहुल गांधी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को धूमिल कर रहे हैं, यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here