मुजफ्फरनगर: रतनपुरी में मुठभेड़ के बाद गौकशी का वांछित आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर में गौकशी के मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहे एक शातिर आरोपी को रतनपुरी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी गैंदा उर्फ रहीस कई वर्षों से गौवध अधिनियम सहित विभिन्न आपराधिक मामलों में नामजद रहा है और उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।
घटना बुधवार देर रात की है, जब रतनपुरी थाना पुलिस नंगला रियावली से पिठलोखर मार्ग पर नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर मौके से भागने लगा।
पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, जिसके दौरान उसकी बाइक कीचड़ में फंसकर गिर गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी दी, लेकिन जवाब न मिलने पर आत्मरक्षा में कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी घायल हो गया और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गैंदा उर्फ रहीस पुत्र जला उर्फ अब्दुल रहीम, निवासी नंगला रियावाली, थाना रतनपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2002 से 2026 तक गौवध अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह बुढ़ाना, रतनपुरी, मंसूरपुर और महिला थाना सहित कई थानों में दर्ज मामलों में वांछित रहा है।
फिलहाल घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की भी जांच कर रही है। सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपी के पूरे आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कराई जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.