सहारनपुर: पुलिस मुठभेड़ में 1 लाख का इनामी बदमाश अहसान कपूरी ढेर

सहारनपुर में शुक्रवार को दिन के समय पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी अपराधी अहसान कपूरी को पुलिस ने ढेर कर दिया। गोलीबारी के दौरान बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में पुलिस अधिकारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर सघन कांबिंग अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, चिलकाना थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ हरड़ाखेड़ा इलाके में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक वहां से गुजरे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे रुकने के बजाय सरसावा की ओर तेजी से भाग निकले।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पुलिस वाहन के शीशे पर गोली लगी। स्थिति गंभीर होते देख कंट्रोल रूम को सूचना दी गई और अतिरिक्त फोर्स मौके पर भेजी गई।
भागते हुए बदमाश औद्योगिक क्षेत्र के पास एक बाग में घुस गए और पेड़ों की आड़ लेकर लगातार गोलियां चलाते रहे। कुछ ही देर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया और जवाबी कार्रवाई शुरू की।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से चलाई गई गोलियां एसएसपी और चिलकाना थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वहीं जवाबी फायरिंग में सरसावा थाना प्रभारी प्रवेश शर्मा के हाथ में गोली लग गई, जबकि सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल सोनू शर्मा भी घायल हो गए।
जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ एक बदमाश अहसान कपूरी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरे बदमाश की तलाश में पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मारे गए बदमाश अहसान कपूरी पर लूट, डकैती और रंगदारी समेत 30 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वह बेहट क्षेत्र से एक लाख रुपये का इनामी घोषित था। मौके से चार अवैध हथियार और बड़ी मात्रा में कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.