कुख्यात गैंगस्टर अनिल दुजाना ने यूपी पंचायत चुनाव में मारी एंट्री, पूजा भाभी बनेंगी उम्मीदवार

गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत के सियासी रण में वार्ड नंबर-2 सबसे हॉट सीट होने जा रही है। इस सीट से अनिल दुजाना ने अपनी पत्नी को उतरने की तैयारी कर ली है। वार्ड-2 के पिछड़ा वर्ग महिला में आरक्षित हो जाने की वजह से वह यहां से अपनी नवविवाहिता पत्नी पूजा को चुनाव लड़ाएगा। इसकी पुष्टि अनिल दुजाना के वकील हरेंद्र नागर ने की है।

वकील ने बताया कि अनिल दुजाना वर्तमान में किसी मुकदमे में वॉन्टेड नहीं है। उसके द्वारा अपनी पत्नी पूजा नागर को वार्ड-2 से जिला पंचायत के सियासी रण में उतारा जाएगा और आने वाले सप्ताह में ही इसकी विधिवत रूप से घोषणा कर दी जाएगी। पंचायत चुनाव में हुई इस हलचल से पूरा सियासी माहौल गरमाया हुआ है। हालांकि, फरवरी में जेल से जमानत पर छूटने के बाद अनिल दुजाना द्वारा चुनावी रण में उतरने की संभावना से इनकार किया गया था।

अनिल दुजाना को पुलिस ने दिसंबर 2011 में गिरफ्तार किया था। पिछले लंबे समय से वह जेल में था। वह 2017 से महाराजगंज जेल में बंद था। अब करीब दस साल बाद जेल से जमानत पर रिहा होकर बाहर आया है।

16 फरवरी 2019 को गौतमबुद्ध नगर की सूरजपुर कोर्ट में पेशी के दौरान ही उसने बागपत की युवती पूजा के साथ सगाई की थी और रजिस्टर्ड शादी के लिए अर्जी दी थी। इस सगाई के ठीक दो साल बाद 16 फरवरी 2021 को उसने पूजा के साथ सात फेरे लिए हैं। शादी से एक दिन पहले ही 15 फरवरी को उसकी जमानत पर रिहाई हुई थी। अब वह चुनाव में उतरेगी।

दुजाना गांव निवासी अनिल दुजाना पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े गैंगस्टरों में शुमार है। उसने वर्ष 2016 में जेल में रहते हुए ही निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में वार्ड-2 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा और जिले में सबसे अधिक 10 हजार 30 वोटों से विजय हासिल की थी। अनिल दुजाना का सपना जिला पंचायत अध्यक्ष बनने का था, लेकिन हाईकोर्ट की रोक की वजह से उस दौरान यहां पर जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव नहीं हो सके थे।

जिला पंचायत के चुनाव में अब वार्ड दो पर सियासी सरगर्मियां सबसे अधिक बढ़ने जा रही हैं। वार्ड दो से बसपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रही जयवती नागर पत्नी गजराज नागर मैदान में हैं। भाजपा में भी इस सीट से तीन प्रमुख नेताओं द्वारा टिकट के लिए दावेदारी की गई है और उनके लिए दो-दो सांसदों और एक केंद्रीय मंत्री के द्वारा प्रमुख रूप से पैरवी की जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी एक दावेदार का नाम तय नहीं हो सका है। सपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में यहा से गीता भाटी का नाम घोषित हो चुका है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here