प्लेन में पैसेंजर पर पेशाब करने के मामले में एक गिरफ्तार, न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहा था विमान

विमान में यात्री पर पेशाब करने की एक और घटना सामने आई है। अमेरिकी एयरलाइंस के विमान से न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहे एक भारतीय व्यक्ति ने अपने सहयात्री पर पेशाब कर दी। इसके बाद उसे यहां हवाई अड्डे पर पकड़ लिया गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि सहयात्री पर पेशाब करने के आरोपी को एयरलाइंस के कर्मचारियों ने शराब के नशे में धुत बताया और बहस के दौरान उसने अपने सहयात्री पर पेशाब कर दिया। 

यह घटना अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट एए 292 में हुई और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने रविवार रात करीब नौ बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर विमान के उतरने के बाद कथित ‘अनियंत्रित’ यात्री को पकड़ लिया।

विमानन कंपनी ने लैंडिंग से पहले दिल्ली हवाई अड्डे को मामले की सूचना दी और इसमें शामिल दोनों यात्रियों को बाद में दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया। सूत्रों ने पीटीआई-भाषा को बताया कि पीड़ित यात्री ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

हाल के दिनों में कथित तौर पर शराब पीने के बाद सह-यात्रियों पर पेशाब करने की कई घटनाएं सामने आई हैं। पिछले साल 26 नवंबर को एयर इंडिया की न्यूयॉर्क-दिल्ली फ्लाइट के बिजनेस क्लास में नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी महिला सहयात्री पर कथित तौर पर पेशाब कर दिया था।

इसी तरह की दूसरी घटना 6 दिसंबर, 2022 को एयर इंडिया की पेरिस-नई दिल्ली फ्लाइट में हुई थी, जब एक यात्री ने शौचालय में जाने पर एक साथी महिला यात्री की खाली सीट और कंबल पर कथित तौर पर पेशाब कर लिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here