शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने जापान जाएंगे पीएम मोदी

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के राजकिय अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के दौरे पर जाएंगे। पीएम मोदी का जापान दौरा 27 सितंबर को होगा। आपको बता दें कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का निधन 8 जुलाई को हो गया था। शिंजो आबे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रिश्ते काफी सहज रहे हैं। दोनों की दोस्ती भी खासतौर पर दिखाई देती रही है। दोनों ने मिलकर भारत और जापान के रिश्तो को नई ऊंचाइयां प्रदान की है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिंजो आबे के अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने के लिए जापान की यात्रा कर रहे हैं। शिंजो आबे को जापान के नारा शहर में एक शख्स ने पीछे से गोली मार दी थी। उन्हें अस्पताल में तो भर्ती कराया गया पर उनकी जान नहीं बच सकी।

आबे से मोदी का जुड़ाव

शिंजो आबे पर जब गोली से हमला हुआ तब वह एक छोटी सी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। गोली लगने के साथ ही उन्हें दिल का दौरा पड़ा। शिंजो आबे के निधन से पूरी दुनिया में शोक की लहर थी। भारत में भी 1 दिन का शोक रखा गया था। शिंजो आबे के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया था। उस ट्वीट में प्रधानमंत्री ने लिखा था कि श्री आबे के साथ मेरा जुड़ाव कई साल पुराना है। मैंने उन्हें गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान जाना, हमारे प्रधानमंत्री बनने के बाद भी हमारी दोस्ती जारी रही। अर्थव्यवस्था और वैश्विक मामलों पर उनकी तेज अंतर्दृष्टि ने हमेशा मुझ पर गहरी छाप छोड़ी। वह हमेशा की तरह मजाकिया और व्यावहारिक थे। मुझे नहीं पता था कि यह हमारी आखिरी मुलाकात होगी। उनके परिवार और जापानी लोगों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।

फुमियो किशिदा से मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आबे के साथ अपने व्यक्तिगत जुड़ाव को भी याद किया था, जिनसे वह इस साल मई में अपनी जापान यात्रा के दौरान मिले थे। अपने जापान दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से भी मुलाकात करेंगे। फुमियो किशिदा को शिंजो आबे का बेहद करीबी बताया जाता है। दोनों नेताओं के बीच जब मुलाकात होगी तो रिश्तो को और मजबूत बनाने की दिशा में चर्चा हो सकते हैं। शिंजो आबे 2015 में वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गंगा आरती में शामिल हुए थे। आबे को 2021 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाना भी भारत के साथ उनके विशेष जुड़ाव का प्रतीक है। पद्म विभूषण भारत का दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here