पंजाब: चन्नी को हराने वाले आप विधायक के पिता ने की खुदकुशी की कोशिश

पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी को हराने वाले भदौड़ के आम आदमी पार्टी के विधायक लाभ सिंह उगोके के पिता दर्शन सिंह ने गुरुवार को सल्फास निगलकर खुदकुशी की कोशिश की। उन्हें गंभीर हालत में डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, उगोके के पिता का अपने भाई के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद उन्होंने जान देने की कोशिश की। 

जानकारी के अनुसार, लाभ सिंह उगोके के पिता दर्शन सिंह ने जहरीली वस्तु निगल कर खुदकुशी करने की कोशिश की। उनको तुरंत तपामंडी के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में डीएमसी लुधियाना दाखिल करवाया गया। 

दर्शन सिंह अपने बेटे लाभ सिंह उगोके के हिस्से में भदौड़ में रह रहा था, जबकि विधायक उगोके ने आजकल अपनी रिहायश तपामंडी में रखी हुई है। विधायक कभी कभार अपने गांव वाले घर जाते थे। वहीं उनके बड़े भाई सुखचैन सिंह उगोके में ही अलग मकान में रह रहा था। सूत्रों के अनुसार, परिवारिक बहसबाजी के बाद दर्शन सिंह ने कोई जहरीली वस्तु निगलकर खुदकुशी करने की कोशिश की।

विधायक लाभ सिंह उगोके चंडीगढ़ से लुधियाना डीएमसी पहुंच चुके हैं। डीएसपी आरएस रंधावा ने बताया कि विधायक के पिता दर्शन सिंह बयान देने के योग्य नहीं हैं। उन्हें पहले तपा सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, लेकिन जहर खाने का केस होने के कारण बरनाला के प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहां से सूचना आई कि प्वाइजन केस है, हालत गंभीर है, इसलिए दर्शन सिंह को डीएमसी लुधियाना रेफर किया गया है। डीएसपी रंधावा ने बताया कि अभी तक कुछ पता नहीं चला कि दर्शन सिंह का किससे और क्या विवाद हुआ था। उनके होश में आने के बाद ही सारे मामले का पता चलेगा और उनके बयान पर अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।भदौड़ से सीएम चन्नी को हराने वाले उगोके ने प्लंबर का कोर्स किया है और वह मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं। गरीब घर से ताल्लुक रखने वाले नौजवान लाभ सिंह उगोके ने सीएम चन्नी को 37500 मतों से हराकर इतिहास रचा था।  

लाभ सिंह का एक साधारण परिवार है। दो कमरों के घर में रहने वाले लाभ सिंह की मां एक सरकारी स्कूल में दर्जा चार कर्मचारी हैं। उनके पिता ने मजदूरी कर अपने परिवार को आगे बढ़ाया। उनकी पत्नी घरेलू महिला हैं और लाभ के दो बच्चे हैं। लाभ सिंह पिछले लगभग 10 साल से आप से जुड़े हैं। वह भगवंत मान के करीबी हैं। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here