बारिश: गेहूं की फसल गिरी, सब्जी की फसल को नुकसान, चिंता में किसान

एक बार फिर से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के चलते पश्चिमी यूपी में शनिवार से मौसम के बदलाव के आसार हैं। इसके चलते 20 मार्च तक गरज और तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। कुछ स्थानों पर ओले भी पड़ सकते हैं। शुक्रवार को भी सुबह से ही मौसम बदला हुआ था। बदलते मौसम के साथ आसमान पर हल्के बादल भी दिखाई दिए। मेरठ में मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम के बदलाव से और हवा के चलने से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। आधा मार्च बीत चुका है और तापमान सामान्य से ऊपर ही चल रहा था। ऐसे में बारिश हो जाए तो फिर थोड़ी राहत मिल सकती है। वहीं, एयर क्वालिटी इंडेक्स में शुक्रवार को कुछ गिरावट दर्ज की गई है। मेरठ का एक्यूआई 157 दर्ज किया गया है।  

रुक-रुक कर हो रही बारिश, गेहूं की फसल गिरी, सब्जी की फसल को नुकसान
बागपत में शनिवार सुबह को अचानक मौसम में बदलाव हुआ और यहां रुक रुक कर बारिश होने लगी। हवा और बारिश होने से मौसम में ठंडक हो गई। वहीं गेहूं की फसल गिर गई और सब्जी की फसलों को भी नुकसान हो गया। शनिवार को सुबह ही मौसम में बदलाव हुआ और बारिश शुरू हो गई जो कुछ देर बाद रुकी। लेकिन बारिश दोबारा से शुरू हो गई और इसका असर सबसे ज्यादा फसलों पर दिखाई दिया। ज्यादात जगह गेहूं की फसल गिर गई, जिससे उसके पैदावार पर असर पड़ सकता है। सरसों की फसल में भी नमी आ सकती है तो बालैनी और चांदीनगर क्षेत्र में सब्जी की फसल पर बारिश का असर पड़ा और उनके लिए बारिश नुकसानदायक है। मौसम अभी ऐसा ही रहने की बात कही जा रही है।

हवा के साथ हुई बारिश से मौसम हुआ सर्द, गेहूं की फसल गिरी 
बिजनौर में भी शुक्रवार शाम से ही मौसम में बदलाव हुआ है। देर रात तेज हवा के साथ बारिश हुई। हवा और बारिश होने से जहां मौसम में थोड़ी ठंड बढ़ी। वहीं हवा और बारिश से गेहूं की फसल गिर गई। अभी भी रुक रुक कर जिले में कई स्थानों पर बारिश हो रही है। बारिश और हवा से जनपद में बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई। शहर में शुक्रवार सुबह बिजली आपूर्ति सही हो गई, लेकिन सैकड़ों गांव में अभी भी आपूर्ति बाधित है।

बारिश से जनपद में तेजी से हो रही गन्ना बुवाई पर ब्रेक लग गया। पावर कोल्हुओं के संचालन भी प्रभावित हो गए हैं, वहीं आलू की खुदाई में भी रुक गई है। उधर  कोतवाली देहात कस्बे में विद्युत आपूर्ति बंद रही। अकबराबाद में पूरी रात आपूर्ति ठप रही। शादीपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़ेग सभी 27 गांव में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। शनिवार सुबह भी आपूर्ति सुचारू नहीं हो पाई है। शादीपुर  विद्युत उपकेंद्र पर एक अमीन तैनात है।

 शामली जिले में मौसम गुरुवार रात से बदला हुआ है। तेज हवाओं के साथ कुछ देर के लिए हल्की बूंदाबांदी हुई। शुक्रवार को मौसम साफ रहा। गेहूं की फसल के लिए तेज हवा और बरसात के साथ ओलावृष्टि होने से नुकसान होने की आशंका है। ऐसे में बरसात और ओलावृष्टि की चेतावनी को लेकर किसान अपनी फसलों को लेकर चिंतित हैं।

सहारनपुर में मौसम की चेतावनी को लेकर जनपद के किसान चिंतित हैं। गुरुवार रात करीब तीन तेज हवा के साथ हल्की बरसात हुई। तेज हवा चलने से आम के बौर को नुकसान पहुंचा है। इस समय गेहूं की फसल के लिए तेज हवा और बरसात के साथ ओलावृष्टि होने से नुकसान होने की आशंका है। ऐसे में बरसात और ओलावृष्टि की चेतावनी को लेकर किसान अपनी फसलों को लेकर चिंतित हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here