राकेश टिकैत ने लगाया आरोप- सरकार मेरी हत्या कराना चाहती है

मेरठ। कंकरखेड़ा स्थित एक फार्म हाउस में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन की किसान पंचायत में पहुंचे भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उनकी हत्या कराना चाहती है। कर्नाटक में हुए हमला सोची समझी साजिश थी। इससे पहले दिल्ली में उनकी हत्या कराने की योजना थी। टिकैत परिवार किसानों के साथ है। एक जाएगा तो दूसरा आएगा। वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उलझने की जगह एकत्रित होने की अपील की।

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने शुक्रवार को पंचायत में किसानों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह उलझने का समय नहीं है। सरकार तोड़फोड़ की राजनीति कर रही है। कार्यकर्ता व किसान हमला करने की स्थिति में नहीं बल्कि बचाव की मुद्रा में हैं। कहा कि सरकार उनकी हत्या कराना चाहती है और संगठन के साथ टिकैत परिवार को तोड़ना चाहती है। लेकिन, ऐसा नहीं होगा। टिकैत परिवार मजबूती से किसानों की आवाज उठाता रहेगा। बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के बाद नरेश टिकैत किसानों की सेवा में आ गए। यदि, हमारी हत्या हो जाती है तो आगे भी टिकैत परिवार किसानों के साथ रहेगा। टिकैत परिवार पीछे नहीं हटेगा, अभी टिकैत परिवार में 17-18 लोग और हैं, जो इस संगठन को आगे बढ़ाएंगे। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने चुनाव से पहले सिंचाई के लिए बिजली निशुल्क देने का वादा किया था, लेकिन अब नलकूपों पर मीटर लगाकर किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। जो, बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 10 साल से अधिक अवधि वाले ट्रैक्टर गाड़ी को रोका जा रहा है। इसके लिए संगठन लड़ाई लड़ रहा है। यह ट्रैक्टर का रुख दिल्ली के बजाय लखनऊ को भी हो सकता है।

पदाधिकारी संगठन का करें विस्तार

किसान पंचायत में राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि पदाधिकारी संगठन को मजबूत बनाने के लिए संगठन का विस्तार करें। अधिक से अधिक संख्या में सदस्य बनाएं। सदस्य बनने का शुल्क दस रुपये है। उन्होंने कहा कि सरकार संगठन के लोगों को आपस में लड़ाकर संगठन को कमजोर करना चाहती है। अलग-अलग अध्यक्ष बनाकर राजनीति की जा रही है। यदि, आपस में उलझे रहे तो सरकार हत्या करा देगी।

कर्नाटक में योजनाबद्ध तरीके से हमला किया गया। कविता कन्नड़ तो युद्धवीर अंग्रेजी में अनुवाद कर रहे थे। वहां, होने वाली वार्ता सरकार के खिलाफ नहीं थी। संगठन की मीटिंग चल रही थी। सरकार ने इससे पहले दिल्ली में उनकी हत्या कराने की साजिश रची थी। लेकिन, नाकाम रही। मेरठ क्रांतिकारी धरती है, यहां सभी लोग एकजुट हुए हैं और सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। तभी सरकार से लड़ा जा सकेगा। -राकेश टिकैत, राष्ट्रीय प्रवक्ता भाकियू 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here