रामपुर: एसपी आवास पर धरने पर बैठे सपा प्रत्याशी आसिम राजा

पुलिस पर सपाइयों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए सपा के प्रत्याशी आसिम राजा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एसपी आवास के सामने धरने पर गए। उनका आरोप है कि जब से उपचुनाव का एलान हुआ है पुलिस सपा के कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रही है। पुलिस सपाइयों के घरों में घुसकर धमकी दे रही है और महिलाओं के साथ अभद्रता कर रही है। उन्होंने कहा कि उनको पुलिस पर भरोसा नहीं है। रामपुर में सेना की देखरेख में चुनाव हो।

सपाई पिछले कई दिनों से पुलिस पर अपने कार्यकर्ताओं और वर्ग विशेष के लोगों को तंग करने और सत्ताधारी पार्टी के पक्ष में मतदान करने का दबाव बनाने का आरोप लगा रहे हैं। सपा नेता आजम खां ने अपनी जनसभा में पुलिस पर इस तरह के आरोप लगाए थे। रविवार दोपहर के वक्त सपा के प्रत्याशी आसिम राजा ने पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ एसपी अशोक कुमार शुक्ला से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद शाम लगभग पौने छह बजे सपाई एसपी आवास के सामने धरने पर बैठ गए। आसिम राजा का कहना है कि एसपी ने आश्वासन दिया था कि पुलिस किसी को तंग नहीं करेगी।

इसके बाद पुलिस ने हमारे फ्रंट लाइन कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है। जो-जो कार्यकर्ता सोमवार को होने वाले मतदान के दौरान बूथ पर बैठने वाले थे पुलिस ने उनको अलग-अलग थानों में बैठा लिया है। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं को भोट, शहजादनगर और पटवाई थाने में बैठाकर रखा गया है। पहले तो उनको छोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि हम चुनाव आयोग से कई बार मांग कर चुके हैं कि यहां तैनात पुलिस अधिकारियों को हटाया जाए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सीओ सिटी के साथ गंज और कोतवाली के इंस्पेक्टर सबसे पहले हटाया जाए। क्योंकि सपाइयों का सबसे अधिक उत्पीड़न यही कर रहे हैं।

अपने आवास से बाहर निकले एसपी ने भी खड़े-खड़े सपाइयों से बात की। कहा कि मैं थाने में जाकर देखता हूं कि क्या स्थिति है। इसके बाद मौके पर एएसपी डॉ. संसार सिंह पहुंचे। उन्होंने भी सपाइयों से धरना समाप्त करने को कहा। इस पर सपाइयों ने कहा कि पहले सीओ सिटी, गंज, कोतवाली और सिविल लाइंस के थाना प्रभारियों को हटाया जाए, इसके बाद कोई बात होगी।इसके बाद एएसपी मौके से चले गए। समाचार लिखे जाने तक सपाइयों का धरना जारी था। सपा प्रत्याशी आसिम राजा के साथ अब्दुल सलाम, अमरीश पटेल, अमित शर्मा, मतलूब अंसारी, मोहम्मद हसन, हरज्ञान सिंह यादव, अमरजीत सिंह, प्रमोद गंगवार, जेएम खान, विजय सिंह और अखिलेश कुमार सहित अन्य कई कार्यकर्ता खुले आसमान के नीचे एसपी आवास के बाहर फुटफाथ पर धरने पर बैठे हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here