फसल अवशेष जलने की घटना पर क्षेत्रीय कर्मचारी जिम्मेदार होंगे : जिलाधिकारी अखिलेश सिंह

सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने निर्देश दिए कि फसल अपशिष्ट प्रबंधन में सभी संबंधित विभाग अपनी-अपनी पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन के आदेशों तथा राष्ट्रीय हरित अधिकरण की गाईडलाईन का पूर्ण रूप से पालन कराया जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को जागरूक करने संबंधी गोष्ठियों का आयोजन किया जाए तथा वृहद स्तर पर इसका प्रचार-प्रसार किया जाए। अखिलेश सिंह आज यहां कलेक्ट्रेट सभागार में फसल अवशेष प्रबंधन की कार्य-योजना की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि फसल अवशेष प्रबंधन हेतु सचल दस्ते का गठन किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि जनपद में कोई भी कम्बाईन हार्वेस्टर बिना सुपर स्ट्रा मैनेजमेंट के न चले। यदि ऐसा होना पाया जाता है तो संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। ग्राम स्तर पर फसल अवशेष न जलने की प्रभावी कार्यवाही के लिए क्षेत्रीय कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएं। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना का कार्य एवं अन्य कृषि यंत्रों को कृषकों को क्रय कराकर अनुदान की प्रक्रिया सम्पन्न करायी जाएं। जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान के अन्तर्गत फसल अवशेष जलाने से होने वाले दुष्परिणामों से अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों तथा किसान संगठनों को भी जागरूकता अभियान से जोडा जाए। 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी  विजय कुमार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ0 अर्चना द्विवेदी, उप कृषि निदेशक राकेश कुमार, भूमि संरक्षण अधिकारी राम जतन मिश्र, जिला गन्ना अधिकारी के0एम0एम0 त्रिपाठी, जिला पंचायज राज अधिकारी उपेन्द्र राज सिंह तथा संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here