सहारनपुर: राज्यमंत्री विजय कश्यप पंचतत्व में विलीन

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के राजस्व एवं बाढ नियंत्रण राज्यमंत्री विजय कश्यप का आज यहां राजकीय सम्मान के अंतिम संस्कार कर दिया गया।

करीब 56 वर्षीय श्री कयश्प कोरोना से संक्रमित थे और ग्रुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में मंगलवार रात उनका निधन हो गया था।

कस्बा नानौता में देवबंद मार्ग स्थित श्मशान में कोविड-19 के दिशा-निर्देशों के तहत राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

श्री कश्यप मुजफ्फरनगर जिले की चरथावल सीट से वर्ष 2017 में विधायक चुने गये थे ।

उन्हें 21 अगस्त 2019 को योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री नियुक्त किया था।

एक साल पूर्व ही वह अस्वस्थ हो गए थे।

लेकिन बीमारी से उबरकर अपना प्रशासिनक कामकाज कर रहे थे।

श्री कश्यप करीब तीन सप्ताह पहले कोरोना संक्रमित हो गये थे और ग्रुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उपचार किया जा रहा था।

उनके असमायिक निधन से पूरे सहारनपुर मंडल में उनके समर्थक गमगीन हैं।

मेदांता से उनके शव को सीधे नानौता श्मशान भूमि पर लाया गया।

उनकी पत्नी सपना कश्यप उनके पार्थिव शरीर के साथ ही आज सुबह सीधे सवा 11 बजे श्मशान पहुंची थी।

बडे पुत्र 10 वीं के छात्र कार्तिकेय कश्यप ने पिता को मुखाग्नि दी।

इस मौके पर सहारनपुर मंडल के सभी दिग्गज भाजपा नेता और जिले के आला अफसर इस दौरान मौजूद थे।

विजय कश्यप संघ और भाजपा के निष्ठावान और विनम्र कार्यकर्ता थे।

उन्हे सभी वर्गों के लोगों का सम्मान और समर्थन प्राप्त था।

केंद्रीय राज्य मंत्री डा. संजीव बालियान, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, कैराना सांसद प्रदीप चौधरी, खतौली विधायक विक्रम सैनी, गंगोह विधायक किरत सिंह, मेयर सहारनपुर संजीव वालिया, भाजपा विधायक देवेंद्र निम, देवबंद विधायक ब्रिजेश सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के प्रांतीय महामंत्री अनिल सिंह, डीसीडीएफ चेयरमैन और दिवंगत मंत्री विजय कश्यप के करीबी साथी कृष्ण कुमार पुंडीर, जिलाधिकारी सहारनपुर अखिलेश सिंह, एसएसपी डा. एस चनप्पा, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर जिलों के प्रमुख भाजपा नेता अंतिम संस्कार के समय मौजूद रहे।

गौरतलब है कि श्री कश्यप के पिता प्रकाश चंद कश्यप सिंचाई विभाग में पतरोल के पद से सेवानिवृत्त होकर सहारनपुर के कस्बा नानौता में ही रह रहे है।

वह मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र के लखनोती गांव के मूल निवासी है।

विजय कश्यप को संघ की प्रबल संस्तुति पर 2017 विधानसभा चुनाव में चरथावल विधान सभा सीट से भाजपा ने उम्मीदवार बनाया था और विधायक चुने गए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here