नॉमिनेशन नहीं मिलने पर आईफा से खफा सोनू निगम, पोस्ट साझा कर कसा तंज

हाल ही में 25वें आईफा अवॉर्ड्स जयपुर में संपन्न हुए। आईफा के आयोजन के बाद सोनू निगम ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने आईफा पर तंज कसा है और साथ ही राजस्थान सरकार को भी बड़े प्यार से घेरा है। मामला ये है कि सोनू निगम को आईफा में अवॉर्ड तो दूर नामांकन तक नहीं मिला। अवॉर्ड सेरेमनी संपन्न होने के दो दिन बाद सोनू निगम ने सभी नामांकित गायकों के नामों की लिस्ट शेयर करते हुए पोस्ट शेयर किया है। जानते हैं…

अवॉर्ड नहीं मिलने पर छलका दर्द
सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने एक लिस्ट शेयर की है, जिसमें इस बार बेस्ट सिंगर के अवॉर्ड के लिए नामांकित गायकों के नाम हैं। इनमें बादशाह, जुबिन नौटियाल, दिलजीत दोसांझ सहित कुछ और नाम हैं। सोनू निगम का नाम नहीं है। सोनू निगम ने पोस्ट के साथ कैप्शन लिखा है, ‘शुक्रिया आईफा, आखिरकार आप, आखिर राजस्थान सरकार के प्रति भी तो आपकी जवाबदेही थी’। 

क्या इस वजह से नहीं मिला नॉमिनेशन?
मालूम हो कि इस बार का बेस्ट सिंगर का अवॉर्ड जुबिन नौटियाल को ‘दुआ’ गाने के लिए दिया गया। सोनू निगम को अवॉर्ड तो दूर, नॉमिनेशन लिस्ट तक से उनका नाम गायब है। इसके पीछे की वजह दिसंबर 2024 के एक वाकये से जोड़कर देखी जा रही है। बीते वर्ष दिसंबर में जयपुर में आयोजित राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इनवेस्टमेंट समिट में सोनू निगम भी शामिल हुए थे। वहां, कुछ ऐसा हुआ कि सोनू निगम तब भी काफी नाराज हुए।

क्या हुआ था इवेंट में?
दरअसल, दिसंबर 2024 में जयपुर में हुए इवेंट में सोनू निगम ने भी परफॉर्म किया। इस इवेंट में राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा समेत दूसरे मंत्री भी शामिल हुए थे। सोनू निगम जब मंच पर गा रहे थे, अचानक तभी उनकी परफॉर्मेंस के बीच में ही सीएम और बाकी मंत्री उठकर चले गए। इसकी आलोचना सोनू निगम ने तब सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके की थी। उन्होंने लिखा था, ‘किसी भी आर्टिस्ट की परफॉर्मेंस के बीच से उठकर जाना कला का अपमान हैं। कलाकार का अपमान है’। अब दावा किया जा रहा है कि संभव है कि आईफा में नॉमिनेशन नहीं मिलने की बात को सोनू निगम इसी घटना से जोड़कर देख रहे हैं।

फैंस और सेलेब्स आए सपोर्ट में
सोनू निगम के इस पोस्ट पर उनके फैंस साथ में आए हैं। साथ ही कुछ सिंगर्स और फिल्म हस्तियों ने भी प्रतिक्रिया दी है। एक्टर संकेत भोसले ने लिखा है, ‘परफेक्ट सॉन्ग सर। आप खुद एक अवॉर्ड हो। जय हो’। म्यूजिशियन अमृत शर्मा ने लिखा है, ‘अरिजीत सिंह गलती से लिख दिया क्या?’ अमाल मलिक ने लिखा है, ‘हम इसी दुनिया में रहते हैं। मजाक बनाकर रख दिया है’। मालूम हो कि बेस्ट फीमेल सिंगर का अवॉर्ड श्रेया घोषाल को मिला। उन्हें ‘भूल भुलैया 3’ के गाने ‘मेरे ढोलना’ के लिए आईफा अवॉर्ड दिया गया। इसी गाने को सोनू निगम ने भी गाया था, जिसका हिस्सा ‘भोला भोला था, सीधा-सादा था’ काफी पसंद किया गया। मगर, सोनू निगम को नॉमिनेशन में भी शामिल नहीं किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here