सपा विधायक इरफान सोलंकी पर दो और मुकदमे, लग सकती है गैंगस्टर

कानपुर में जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी पर शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस ने मंगलवार को जाजमऊ थाने में विधायक के खिलाफ दो और एफआईआर दर्ज की हैं। एक केस रंगदारी व दूसरा जमीन कब्जे से संबंधित है। केस में उनका भाई रिजवान, चाचा व अन्य साथी भी नामजद हैं।
अनवरगंज फूलवाली गली निवासी भाजपा कार्यकर्ता अकील अहमद खान ने रंगदारी का केस दर्ज कराया है। अकील के मुताबिक जिनको विधायक प्रताड़ित करते थे, वह उनकी मदद करते थे। नजीर फातिमा के मामले में भी पैरवी कर रहे थे। इसलिए कुछ समय पहले विधायक, रिजवान सोलंकी व पार्षद मुरसलीन खां उर्फ भोलू व अन्य गुर्गों ने धमकाया था।

उन्होंने धमकी दी थी कि मामले में न पड़ें। आरोप है कि जेल जाने के बाद भी उनके गुर्गे धमका रहे हैं। कह रहे हैं कि विधायक 14 दिसंबर को जेल से छूट जाएंगे तब वह उनको सबक सिखाएंगे। इन सभी के खिलाफ जाजमऊ थाने में केस दर्ज किया गया है।

जमीन कब्जा की, विरोध पर पीटा, मुंह में ठूंस दी थी पिस्टल
बेकनगंज कंघी मोहाल निवासी मोहम्मद नसीम आरिफ ने दूसरा केस दर्ज कराया है। इसमें बलवा, मारपीट, जमीन कब्जा करने की धाराएं लगाई गई हैं। नसीम का आरोप है कि विधायक इरफान सोलंकी ने उनकी 500 वर्ग गज जमीन कब्जा कर ली है।

16 मार्च 2018 को जब इरफान सोलंकी, उनके भाई रिजवान सोलंकी, चाचा इश्तियाक सोलंकी, साथी आसिफ दलाल, शब्बर हुसैन, अब्दुल  व अन्य 16 अज्ञात जमीन कब्जा कर रहे थे, तब वह पहुंचे थे। विरोध करने पर इन सभी ने पीटा था। रिजवान ने उनके मुंह में पिस्टल ठूंस दी थी। किसी तरह वह जान बचाकर भागे।

बढ़ रहा आपराधिक इतिहास, लग सकती है गैंगस्टर

विधायक पर अब कुल 13 केसों का आपराधिक इतिहास हो गया है। कई और केस दर्ज होने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक पुलिस विधायक व रिजवान की हिस्ट्रीशीट भी खोलेगी और गैंगस्टर भी लगाएगी।एसआईटी शिकायतों की जांच कर रही है। दो शिकायतों से संबंधित साक्ष्य पाए गए, जिनमें केस दर्ज कराया गया है। अन्य शिकायतों की जांच जारी है। जिसमें साक्ष्य व गवाह मिलेंगे, उनमें केस दर्ज किया जाएगा।  -आनंद प्रकाश तिवारी, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर

विधायक इरफान सोलंकी पर अब तक 13 मुकदमे

  • थाना ग्वालटोली: धोखाधड़ी, साजिश करना, कूटरचित दस्तावेज तैयार कर इस्तेमाल करना (198/22)
  • थाना जाजमऊ: आगजनी, रंगदारी, धमकी, मारपीट, गाली गलौज, साजिश रचना (127/22)
  • थाना ग्वालटोली: पीआइएनएच एक्ट में दर्ज मुकदमा (286/10)
  • थाना ग्वालटोली: बलवा, मारपीट, गालीगलौज, धमकी का केस (243/11)
  • थाना स्वरूपनगर: बलवा, मारपीट, धमकी का केस (40/14)
  • थाना स्वरूपनगर: घर में घुसकर मारपीट, बलवा व अन्य धाराओं का केस (48/14)
  •  थाना स्वरूपनगर: बलवा, हत्या का प्रयास, मारपीट की धाराओं में दर्ज केस (42/14)
  • थाना कर्नलगंज: लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धाराओं में दर्ज केस (10/17)
  •  थाना चमनगंज: लापरवाही से वाहन चलाने, लॉकडाउन का उल्लंघन करना (244/20)
  • थाना चमनगंज: आचार संहिता उल्लंघन, लॉकडाउन उल्लंघन का केस (23/22)
  •  थाना अनवरगंज: आचार संहिता उल्लंघन, लॉकडाउन उल्लंघन का केस (10/22)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here