तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने इंग्लैंड पर 244 रन की मज़बूत बढ़त बना ली है। भारत ने पहली पारी में 587 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम 407 रनों पर सिमट गई। पहली पारी के आधार पर भारत को 180 रन की बढ़त मिली। दिन के अंत तक भारत ने दूसरी पारी में एक विकेट के नुकसान पर 64 रन बना लिए हैं।
दूसरी पारी की स्थिति
स्टंप्स के समय केएल राहुल 28* (38 गेंद) और करुण नायर 7* (18 गेंद) क्रीज़ पर थे। भारत की दूसरी पारी में एकमात्र झटका जोश टंग ने दिया, जिन्होंने यशस्वी जायसवाल (28 रन, 22 गेंद, 6 चौके) को आउट किया। राहुल और जायसवाल के बीच पहले विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी हुई।
इंग्लैंड की पहली पारी का हाल
इंग्लैंड ने तीसरे दिन 77/3 से आगे खेलना शुरू किया और शुरुआत में ही टीम को दो बड़े झटके लगे। मोहम्मद सिराज ने दिन के दूसरे ओवर में जो रूट (22) और कप्तान बेन स्टोक्स (0) को लगातार दो गेंदों में आउट कर इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया। एक समय इंग्लैंड का स्कोर 84/5 था।
इस संकट में हैरी ब्रूक और जेमी स्मिथ ने मोर्चा संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 303 रनों की शानदार साझेदारी की। ब्रूक ने 234 गेंदों पर 158 रन बनाए, जिसमें 17 चौके और एक छक्का शामिल था। वहीं, स्मिथ ने 207 गेंदों में नाबाद 184 रन की पारी खेली, जिसमें 21 चौके और चार छक्के शामिल रहे।
तीसरे सत्र में भारत की वापसी
दूसरे सत्र तक इंग्लैंड का स्कोर 355/5 था। तीसरे सत्र में आकाश दीप ने ब्रूक को आउट कर साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद उन्होंने क्रिस वोक्स (5 रन) को करुण नायर के हाथों कैच कराया। अंतिम ओवरों में सिराज ने ब्रायडन कार्स, जोश टंग और शोएब बशीर को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा।
इंग्लैंड की पहली पारी 407 रनों पर समाप्त हुई। भारत के लिए मोहम्मद सिराज ने घातक गेंदबाज़ी करते हुए छह विकेट झटके, जबकि आकाश दीप ने चार विकेट हासिल किए।