कांग्रेस का मास्टरस्ट्रोक: 5 लाख महिलाओं को मुफ्त सैनिटरी पैड, कवर पर राहुल गांधी की तस्वीर

बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीतियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस ने महिला मतदाताओं को ध्यान में रखते हुए एक अहम पहल की घोषणा की है। पार्टी ने कहा है कि वह चुनाव से पहले राज्य की 5 लाख महिलाओं को मुफ्त सैनिटरी पैड वितरित करेगी।

इन सैनिटरी पैड पैकेट्स पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तस्वीर और “नारी न्याय, महिला सम्मान” जैसे स्लोगन अंकित किए गए हैं। साथ ही “माई बहिन मान योजना” के तहत ₹2500 मासिक सम्मान राशि का उल्लेख भी इन पैकेट्स पर किया गया है। कांग्रेस इसे महिलाओं के स्वास्थ्य, गरिमा और सशक्तिकरण से जोड़कर देख रही है, वहीं राजनीतिक विश्लेषक इसे महिला वोटर्स को प्रभावित करने की रणनीति मान रहे हैं।

चुनाव आयोग के निर्देशों पर कांग्रेस अध्यक्ष की आपत्ति

इस बीच, कांग्रेस ने चुनाव आयोग द्वारा जारी कुछ दिशा-निर्देशों पर भी नाराजगी जताई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने मीडिया से बातचीत में आयोग के आदेश को “तुगलकी फरमान” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग करीब 8 करोड़ मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित करने की कोशिश कर रहा है।

राजेश राम ने स्पष्ट किया कि जिन 20% मतदाताओं को लेकर संशय जताया जा रहा है, उन्हें संरक्षित करने और उनके वोट सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस विशेष अभियान चलाएगी।

जिला अध्यक्षों से ‘माई बहिन मान योजना’ पर लिया जा रहा फीडबैक

कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को जिला कांग्रेस अध्यक्षों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें ‘माई बहिन मान योजना’ की जमीनी हकीकत का फीडबैक लिया गया। कांग्रेस ने तय किया है कि इस योजना को राज्य के हर घर तक पहुंचाया जाएगा।

इसके तहत अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की ओर से सैनिटरी पैड के माध्यम से प्रचार अभियान चलाया जाएगा। पैकेट्स पर योजना के लाभ—जैसे ₹2500 प्रति माह की सम्मान राशि—का उल्लेख होगा, ताकि महिलाओं को योजना के प्रति जागरूक किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here