पूर्णिया जिले के केनगर थाना क्षेत्र में अवैध संबंध का मामला उस वक्त उग्र हो गया जब एक विवाहित महिला के घर पहुंचे प्रेमी को ग्रामीणों ने आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने युवक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को दो बार हस्तक्षेप करना पड़ा।
घटना बक्सा घाट रोड स्थित लोटो टोला इलाके की है। जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय महिला सोनी देवी, जो पहले से विवाहित है और दो बेटियों की मां है, का तीन साल से चूनापुर निवासी 32 वर्षीय मोहम्मद कुर्बान से प्रेम संबंध चल रहा था। महिला की शादी करीब 18 वर्ष पूर्व 42 वर्षीय राजेश ऋषि से हुई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार देर रात महिला ने अपने प्रेमी को फोन कर बुलाया था, क्योंकि उसका पति खेत में मचान पर रुकने गया था। युवक तय समय पर महिला के घर पहुंचा और दोनों कमरे में मिले। इसी दौरान महिला का पति अचानक घर लौट आया और दोनों को संदिग्ध अवस्था में देख लिया। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और युवक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया गया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई की गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों के आक्रोश के कारण हालात काबू में नहीं आए। अंततः भारी पुलिस बल बुलाकर युवक को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराया गया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।