भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते चंडीगढ़ और उसके आसपास के क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर कड़े कदम उठाए गए हैं। पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में सभी स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान 12 मई तक बंद रखने का फैसला लिया गया है।
ट्राईसिटी में हाई अलर्ट
चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली (ट्राईसिटी) में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रशासन ने चंडीगढ़ के सभी बाजारों और शॉपिंग मॉल को शाम 7 बजे तक बंद करने का आदेश दिया है। पटाखे और आतिशबाजी पर भी रोक लगा दी गई है। पंचकूला में शाम 6 बजे के बाद सभी दुकानें बंद रहेंगी, जबकि आवश्यक सेवाओं के तहत मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे। मोहाली में बाजार रात 8 बजे तक बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीटीयू ने बस सेवाएं रोकीं
चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) ने जम्मू और कटड़ा के लिए अपनी बस सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के कई कॉलेज के छात्र घरों की ओर लौटने लगे हैं। चंडीगढ़ बस स्टैंड पर शुक्रवार को भारी भीड़ देखी गई, जबकि शहर के कई क्षेत्रों में सन्नाटा छा गया है।
छात्रों की वापसी का सिलसिला
पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश से आए बड़ी संख्या में छात्र चंडीगढ़ और उसके आसपास के निजी संस्थानों में पढ़ाई कर रहे थे, जो अब अपने घरों को लौट रहे हैं। हॉस्टल छोड़ने वाले छात्रों का कहना है कि परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं और अगले निर्देश का इंतजार है।
जमाखोरी पर सख्ती
तनावपूर्ण माहौल में जमाखोरी को रोकने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। राशन और जरूरी चीजों को स्टोर करने पर प्रतिबंध लगाया गया है। डीसी निशांत यादव ने आदेश दिए हैं कि कोई भी व्यक्ति या व्यापारी खाद्य सामग्री का भंडारण नहीं करेगा। स्टॉक की जानकारी डिपार्टमेंट ऑफ फूड एंड सप्लाई को देनी होगी। अगर कोई महंगी दर पर खाद्य सामग्री बेचता है तो इसकी शिकायत उपभोक्ता मामलों के विभाग में या हेल्पलाइन नंबर 0172-2703956 पर की जा सकती है। यह आदेश 9 मई 2025 से 7 जुलाई 2025 तक प्रभावी रहेगा।