दिल्ली: शाहदरा जिले के गांधी नगर क्षेत्र में दो युवकों के बीच हुए विवाद में हस्तक्षेप करना एक युवक को भारी पड़ गया। झगड़ा शांत कराने की कोशिश के दौरान उस पर कैंची से हमला कर दिया गया, जिससे बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक कृष्ण कुमार (26) मीत नगर इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था और गांधी नगर स्थित एक फैक्टरी में सिलाई का काम करता था। घटना 4 जून की रात की बताई जा रही है। उस समय आरोपी अरवाज (27) रघुबरपुरा स्थित फैक्टरी में कुछ लोगों के साथ बैठा हुआ था।
इसी दौरान किसी बात को लेकर अरवाज और टाइगर नामक युवक के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। स्थिति बिगड़ती देख कृष्ण कुमार ने बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर अरवाज ने कैंची से कृष्ण के पेट पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया।
घायल अवस्था में कृष्ण को हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वह डॉक्टरों को बिना सूचना दिए अस्पताल से चला गया। बाद में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 6 जून को उसकी मौत हो गई।
मामले की जांच कर रही पुलिस ने आरोपी अरवाज को उत्तम नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई दो कैंचियां, खून से सने कपड़े और अन्य संबंधित सामग्री भी बरामद की है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।