नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को नई दिल्ली स्थित 5, सुनहरी बाग रोड वाले सरकारी आवास में गृह प्रवेश किया। लोकसभा में विपक्ष का नेता बनने के बाद उन्हें टाइप-8 श्रेणी का यह बंगला आवंटित किया गया है, जो आमतौर पर केंद्रीय मंत्रियों या समकक्ष अधिकारियों को दिया जाता है।
राहुल गांधी इससे पहले अपनी मां सोनिया गांधी के साथ 10, जनपथ स्थित सरकारी आवास में रह रहे थे। वर्ष 2023 में मानहानि के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उन्हें 12, तुगलक लेन का आवास खाली करना पड़ा था, जिसमें वह वर्ष 2004 से रह रहे थे।
सुनहरी बाग बंगला की विशेषताएं
5, सुनहरी बाग रोड स्थित यह टाइप-8 बंगला संसद भवन से लगभग 500 मीटर की दूरी पर है। बंगले में पांच शयनकक्ष, एक बैठक कक्ष, एक भोजन कक्ष, एक अध्ययन कक्ष और कर्मचारियों के लिए अलग क्वार्टर शामिल हैं। इससे पूर्व यहां केंद्रीय मंत्री रहे ए. नारायणस्वामी निवास करते थे, जिन्होंने 2021 से 2024 तक सामाजिक न्याय राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया था। हाल ही में लोकसभा चुनाव में उनकी हार के बाद यह आवास रिक्त हुआ था।
राहुल गांधी को विपक्ष का नेता बनने के साथ ही कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त हुआ, जिसके चलते उन्हें यह नया आवास मिला। उनका यह स्थानांतरण ऐसे समय हुआ है जब पार्टी और खुद राहुल गांधी दोनों ही राजनीतिक गतिविधियों में नई गति ला रहे हैं।