कांग्रेस नेता सोनिया गांधी बीते रविवार से दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती हैं। पेट से संबंधित तकलीफ के चलते उन्हें अस्पताल लाया गया था। मंगलवार सुबह अस्पताल प्रशासन ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर जानकारी साझा की।
अस्पताल के अनुसार सोनिया गांधी की हालत स्थिर है और वह चिकित्सकीय देखरेख में हैं। डॉक्टरों की टीम की निगरानी में उनकी सेहत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
सर गंगा राम अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि सोनिया गांधी इलाज का अच्छी तरह से जवाब दे रही हैं। उनकी स्थिति नियंत्रण में है और अब उन्हें विशेष डाइट पर रखा गया है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि फिलहाल उनकी छुट्टी की कोई निश्चित तिथि तय नहीं की गई है। डॉक्टरों की टीम, जिसमें डॉ. एस. नंदी और डॉ. अमिताभ यादव भी शामिल हैं, लगातार उनकी स्थिति की निगरानी कर रही है। छुट्टी का निर्णय उनकी रिकवरी के आधार पर लिया जाएगा।