राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार दोपहर के बाद मौसम ने करवट ली और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। विशेष रूप से दक्षिण और पश्चिमी दिल्ली में हुई इस बारिश के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई, जिससे भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए हल्की वर्षा और तेज हवाओं की संभावना जताई है और येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
दो-तीन दिनों में पहुंच सकता है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 48 से 72 घंटे के भीतर दिल्ली में प्रवेश कर सकता है। फिलहाल यह बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के शेष भागों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों, उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों, हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों और लद्दाख के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ चुका है। आगे बढ़ने के लिए मौसम की स्थितियां अनुकूल मानी जा रही हैं।
तेज हवाओं के साथ आ सकती है बारिश
संभावना जताई जा रही है कि मानसून पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के बाकी हिस्सों में भी जल्द ही प्रवेश करेगा। इस बार मानसून समय से पहले दिल्ली पहुंच सकता है। विभाग ने तीन दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें हल्की से मध्यम वर्षा के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। कुछ जगहों पर हवा की गति 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं और अगले कुछ दिन राजधानी के लिए राहत भरे हो सकते हैं।