फरीदाबाद के जीवन नगर स्थित ईदगाह के पास बने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में मंगलवार सुबह सफाई कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टैंक की सफाई करने उतरे दो कर्मचारी अंदर ही बेहोश होकर गिर पड़े। प्रारंभिक आशंका है कि टैंक के भीतर जहरीली गैस जमा होने के कारण यह घटना हुई।

मिली जानकारी के अनुसार, एसटीपी प्लांट के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी एक निजी ठेकेदार के पास है। सुबह करीब छह बजे कर्मचारी अनमोल नियमित सफाई के लिए टैंक में उतरा था। कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर अंदर गिर पड़ा।

अनमोल को बचाने के लिए उसका ममेरा भाई आकाश, जो उसी प्लांट में कार्यरत है, टैंक के भीतर गया। हालांकि, वह भी अंदर पहुंचते ही बेहोश हो गया और बाहर नहीं निकल सका।

इसके बाद दोनों को बाहर निकालने के प्रयास में विपिन नामक एक अन्य कर्मचारी टैंक में उतरा, लेकिन उसे भी सांस लेने में परेशानी होने लगी और वह बेहोश होने की स्थिति में पहुंच गया। बाहर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उसे खींचकर बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दोनों कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि अनमोल और आकाश दोनों एसटीपी परिसर में ही रहते हैं। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। शुरुआती जांच में टैंक के अंदर विषैली गैस के जमाव को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।