हिमाचल भाजपा की कमान एक बार फिर डॉ. राजीव बिंदल के हाथ, तीसरी बार बनेंगे प्रदेश अध्यक्ष

हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर डॉ. राजीव बिंदल का चयन लगभग तय हो गया है। सोमवार को शिमला स्थित पार्टी मुख्यालय ‘दीपकमल’ में उनके पक्ष में एकमात्र नामांकन दाखिल हुआ। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर और पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर ने अलग-अलग प्रस्तावकों के रूप में डॉ. बिंदल के नामांकन पत्र दाखिल किए।

प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की औपचारिक घोषणा मंगलवार सुबह 11 बजे होटल पीटरहॉफ में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह करेंगे। इसके साथ ही भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य पदों के लिए भी आठ नेताओं का नाम तय किया गया है, जिनके लिए उतने ही नामांकन प्राप्त हुए।

नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न

भाजपा अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया दोपहर 12 बजे से दो बजे तक दीपकमल कार्यालय में चली। चुनाव अधिकारी डॉ. राजीव भारद्वाज और पर्यवेक्षक सौदान सिंह की उपस्थिति में नामांकन दाखिल हुए। इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा और सह प्रभारी संजय टंडन भी मौजूद रहे। डॉ. बिंदल ने करीब साढ़े 12 बजे अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।

चुनाव अधिकारी के अनुसार तीन अलग-अलग प्रस्तावों में डॉ. बिंदल के नाम का समर्थन हुआ—एक विधायक दल की ओर से जयराम ठाकुर ने, दूसरा सांसदों और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों की ओर से अनुराग ठाकुर ने, तथा तीसरा प्रदेश पदाधिकारियों की ओर से गोविंद ठाकुर ने किया।

राष्ट्रीय परिषद के पदेन सदस्य चुने गए

डॉ. राजीव भारद्वाज ने जानकारी दी कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप, कंगना रनौत, इंदु गोस्वामी, डॉ. सिकंदर कुमार, हर्ष महाजन और वे स्वयं भाजपा की राष्ट्रीय परिषद में पदेन सदस्य बनाए गए हैं।

इन आठ नेताओं का हुआ चयन राष्ट्रीय परिषद के लिए

राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के तौर पर जिन आठ नेताओं को चयनित किया गया है, उनमें पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, पार्टी के महामंत्री बिहारी लाल शर्मा और त्रिलोक कपूर, पवन काजल, रश्मिधर सूद, पायल वैद्य, डॉ. राजीव सहजल तथा संजीव कटवाल शामिल हैं। इन सभी ने निर्धारित आठ पदों के लिए नामांकन किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here