हाजीपुर में कुएं में डूबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, गांव में मचा कोहराम

हाजीपुर (बिहार)। देसरी प्रखंड के चांदपुरा थाना अंतर्गत जहांगीरपुर शाम गांव वार्ड नंबर-12 में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों की हालत गम और सदमे में बेहाल है।

गाय को पकड़ते समय फिसला पैर, दो अन्य बचाने में डूबे

जानकारी के अनुसार, दोपहर में बिंदेश्वर राय की गाय अचानक खुलकर भाग गई। गाय को पकड़ने के प्रयास में बिंदेश्वर राय (50 वर्ष) का पैर फिसल गया और वे कुएं में जा गिरे। उन्हें बचाने के लिए विकास कुमार (25 वर्ष) और रोहित कुमार (21 वर्ष) कुएं में उतरे, लेकिन तीनों ही डूब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने पहुंचकर शवों को कुएं से बाहर निकाला और कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतकों की पहचान गांव के विष्णु राय के पुत्र बिंदेश्वर राय, विराज राय के पुत्र विकास कुमार तथा सुरेंद्र राय के पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है। रोहित कुमार तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और गुजरात की एक कपड़ा फैक्ट्री में कार्यरत थे। वे हाल ही में अवकाश लेकर घर आए थे। करीब चार महीने पहले ही उनकी शादी हुई थी। विकास कुमार ट्रक चालक थे और तीन बच्चों के पिता थे। वह परिवार में सबसे बड़े थे। वहीं, बिंदेश्वर राय किसान थे और उनके छह संतानें थीं—तीन बेटियां और तीन बेटे।

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ हुई मृत्यु से क्षेत्र में शोक की लहर है।

Read Blog: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कीर्ति पटेल जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here