अमरनाथ यात्रा के मद्देनज़र जम्मू में ट्रैफिक अलर्ट, जत्था निकलते समय बंद रहेंगे कई प्रमुख मार्ग

श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जम्मू यातायात पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। एसएसपी ट्रैफिक फारूक केसर ने रविवार को बताया कि जम्मू से नगरोटा तक यात्री रूट पर आम वाहनों की आवाजाही यात्रा के दौरान प्रतिबंधित रहेगी। यह व्यवस्था भगवती नगर से नगरोटा तक वाया एशिया क्रॉसिंग, बिक्रम चौक, बीसी रोड, रिहाड़ी और अम्फला मार्गों पर लागू होगी। साथ ही इन मार्गों से जुड़ी लिंक सड़कें भी बंद रहेंगी।

वाहनों की आवाजाही पर समयबद्ध पाबंदी

  • जम्मू से श्रीनगर की ओर जाने वाले वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह 6 बजे से दोपहर तक ही जाने की अनुमति होगी।
  • रात 10 बजे के बाद भारी और रात 12 बजे के बाद हल्के वाहनों की नगरोटा से आगे आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
  • शहर में छह कट-ऑफ प्वाइंट (कुंजवानी, बजालता मोड़, सिद्दड़ा पुल, अटल चौक, टीसीपी नगरोटा और मांडा) निर्धारित किए गए हैं, जहां से भी रात 10 बजे के बाद भारी वाहनों और 12 बजे के बाद हल्के वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।
  • यह व्यवस्था हर दिन यात्रा की स्थिति के अनुसार बदली भी जा सकती है।

जत्थों का प्रस्थान समय और सुरक्षा व्यवस्था

  • भगवती नगर से बालटाल के लिए सुबह 4 बजे और पहलगाम के लिए 4:30 बजे श्रद्धालुओं के जत्थे रवाना होंगे।
  • जत्था रवाना होने से आधा घंटा पहले संबंधित मार्गों पर यातायात पूरी तरह रोक दिया जाएगा और जत्था गुजरने के 10 मिनट बाद फिर से सामान्य यातायात बहाल होगा।
  • यह विशेष व्यवस्था 38 दिनों तक प्रभावी रहेगी।

70 अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात

शहर में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए 70 अतिरिक्त ट्रैफिक कर्मी तैनात किए गए हैं। एसएसपी के अनुसार, इनका उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्थानीय लोगों को असुविधा से बचाना है।

इन प्रमुख मार्गों पर जत्था गुजरते समय रोक

  • कैनाल हेड से बंदा बहादुर चौक
  • बेलीचराना PWD पुल से भगवती नगर चौथा पुल
  • गांधी नगर महिला कॉलेज से बिक्रम चौक फ्लाईओवर
  • आंबेडकर चौक से एशिया क्रॉसिंग
  • पुलिस मुख्यालय से जम्मू यूनिवर्सिटी होते हुए बिक्रम चौक
  • बस स्टैंड से मांडा चौक

बंद रहने वाले लिंक मार्ग

  • इंदिरा चौक से केसी क्रॉसिंग
  • महेशपुरा से शकुंतला चौक
  • विजिलेंस रोटरी से शकुंतला क्रॉसिंग
  • सरवाल व सुभाष नगर से रिहाड़ी चौक
  • एक्सचेंज रोड से रिहाड़ी
  • जेल रोड से अम्फला चौक
  • जानीपुर से वेद मंदिर, अम्फला चौक तक

यह ट्रैफिक प्लान अमरनाथ यात्रा की सुचारु व्यवस्था बनाए रखने हेतु तैयार किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here