भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने रविवार को वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के व्यापक स्तर पर तबादले किए। इस फेरबदल में मुख्यमंत्री कार्यालय समेत नर्मदा घाटी विकास, नगरीय प्रशासन, ऊर्जा, सामान्य प्रशासन जैसे कई प्रमुख विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
नीरज मंडलोई को सीएम सचिवालय में बड़ी जिम्मेदारी
1993 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी नीरज मंडलोई को मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें ऊर्जा विभाग और लोक सेवा प्रबंधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
राजौरा को नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण भेजा गया
मुख्यमंत्री कार्यालय में अब तक अपर मुख्य सचिव रहे 1990 बैच के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. राजेश राजौरा को अब नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और नर्मदा बेसिन प्रोजेक्ट कंपनी लिमिटेड का प्रबंध संचालक बनाया गया है। साथ ही, वे जल संसाधन विभाग में अपर मुख्य सचिव की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
संजय दुबे को नगरीय विकास विभाग की कमान
सामान्य प्रशासन विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और कर्मचारी चयन मंडल के अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे 1993 बैच के संजय दुबे को अब नगरीय विकास एवं आवास विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। उनके पास विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी पूर्ववत बनी रहेगी।
संजय कुमार शुक्ल को मिला सामान्य प्रशासन विभाग का कार्यभार
नगरीय विकास एवं आवास विभाग में कार्यरत संजय कुमार शुक्ल को अब सामान्य प्रशासन विभाग, विधिक प्रकोष्ठ, समन्वय और विमानन विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। वे कर्मचारी चयन मंडल के अध्यक्ष के पद पर भी बने रहेंगे।
अन्य प्रमुख बदलाव
- डी.पी. आहूजा को मत्स्य और आयुष विभाग से हटाकर सहकारिता विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है।
- एम. सेलवेन्द्रन को “कार्मिक” शाखा के सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है।
- निशांत वरबवड़े को किसान कल्याण तथा कृषि विभाग का सचिव बनाया गया है।
- मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग, इंदौर में ओएसडी सह सचिव प्रबल सिपाहा अब उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त होंगे।
- मप्र वित्त निगम, इंदौर की प्रबंध संचालक राखी सहाय को लोक सेवा आयोग इंदौर का सचिव नियुक्त किया गया है।


