मुंबई लोकल में बड़ा हादसा टला, एक ही ट्रैक पर आमने-सामने आ गईं दो ट्रेनें

बुधवार को मुंबई की हार्बर लाइन पर एक गंभीर रेल दुर्घटना होते-होते टल गई। मानखुर्द से वाशी की ओर जा रही एक लोकल ट्रेन में सवार एक यात्री अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। घटना के बाद ट्रेन को तत्काल रोका गया। इसी दौरान उसी ट्रैक पर पीछे से एक और लोकल ट्रेन तेज़ रफ्तार में आ रही थी, जिससे कुछ समय के लिए यात्रियों में अफरातफरी का माहौल बन गया।

चलती ट्रेन से गिरा यात्री, रुकवाई गई लोकल

ट्रेन में यात्री के गिरते ही बोगियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन के रुकने के बाद कुछ यात्री नीचे उतर आए। तभी उन्होंने देखा कि पीछे से पनवेल की दिशा से एक दूसरी लोकल ट्रेन आ रही है। स्थिति भयावह हो सकती थी, लेकिन समय रहते पीछे आ रही ट्रेन के लोको पायलट ने आपात ब्रेक लगाकर गाड़ी को सुरक्षित दूरी पर रोक दिया। इससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया घायल यात्री

घायल यात्री को तत्काल आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने मौके से रेस्क्यू किया और नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के चलते दोनों लोकल ट्रेनें करीब 20 मिनट तक एक ही स्थान पर खड़ी रहीं। लोको पायलट की सतर्कता और तेजी से लिए गए निर्णय के कारण कई लोगों की जान बच सकी।

मुंबई लोकल में पहले भी हुई हैं जानलेवा घटनाएं

गौरतलब है कि करीब तीन सप्ताह पूर्व मुंबई में ओवरलोडेड लोकल ट्रेन से गिरने की वजह से पांच यात्रियों की मौत हो गई थी, जबकि दस से अधिक लोग घायल हुए थे। बढ़ती भीड़ और सुरक्षा मानकों की अनदेखी ऐसी घटनाओं का कारण बनती जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here