पुणे में महिला इंस्पेक्टर से बदसलूकी का आरोप, भाजपा नेता ने दिया इस्तीफा

महाराष्ट्र के पुणे में एक महिला पुलिस अधिकारी से कथित दुर्व्यवहार के मामले में फंसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता प्रमोद कोंधारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यह घटना उस समय हुई, जब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पुणे पहुंचे थे।

जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम से पहले शनिवार वाड़ा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा थी। उसी दौरान कस्बा पेठ से विधायक हेमंत रासने कार्यकर्ताओं और तैनात पुलिसकर्मियों को चाय के लिए पास की दुकान पर ले गए। इसी दौरान प्रमोद कोंधारे पर आरोप है कि उन्होंने मौके की भीड़ का लाभ उठाकर ड्यूटी पर मौजूद एक महिला पुलिस निरीक्षक के साथ अनुचित व्यवहार किया। घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज

महिला अधिकारी ने तुरंत इसकी जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद घटना स्थल पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाली गई और उसी आधार पर कोंधारे के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया।

पद छोड़ने की पुष्टि, जांच जारी

भाजपा पुणे शहर अध्यक्ष धीरज घाटे ने बताया कि प्रमोद कोंधारे ने पुलिस जांच पूरी होने तक स्वेच्छा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच की जा रही है कि यह सब जानबूझकर हुआ या भीड़ के कारण अनजाने में। घाटे ने स्पष्ट किया कि संगठन में किसी प्रकार का मतभेद नहीं है और स्थिति को लेकर भ्रामक खबरें न फैलाई जाएं।

आरोपों से इनकार, पार्टी की सख्त प्रतिक्रिया

प्रमोद कोंधारे ने खुद पर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधान परिषद सदस्य चित्रा वाघ ने कहा कि सिर्फ पार्टी का सदस्य होने के कारण किसी का पक्ष नहीं लिया जाएगा। उन्होंने पुणे शहर अध्यक्ष से बात कर कोंधारे को उनके पद से हटवाने की जानकारी दी और स्वयं आगे की कार्रवाई की बात कही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here