चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। लुधियाना वेस्ट से विधायक संजीव अरोड़ा को मंत्री बनाए जाने के बाद कुलदीप सिंह धालीवाल ने राज्य कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। अपने त्यागपत्र के बाद धालीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे पंजाब के हक़ की लड़ाई आगे भी जारी रखेंगे।
धालीवाल ने इस्तीफे के बाद कहा, “मैं पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता हूं और हमेशा रहूंगा। सरकार में काम करने का अवसर देने के लिए मैं केजरीवाल और मान साहब का ऋणी हूं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी पद के पीछे नहीं भागते। “जब मुझसे कहा गया कि किसी और को अवसर देना है, तो मैंने उसी समय इस्तीफा दे दिया,” उन्होंने बताया।
अमेरिकी नागरिकता छोड़ी, बच्चों को छोड़ा विदेश में
धालीवाल ने बताया कि उन्होंने 2013 में अमेरिका की नागरिकता त्याग दी थी और अपने परिवार को कैलिफोर्निया में छोड़कर पंजाब लौटे थे। “पार्टी से जुड़ने के बाद से अब तक मैंने कभी छुट्टी नहीं ली। 24 घंटे सेवा में लगा रहा,” उन्होंने कहा।
कैबिनेट में कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों का किया ज़िक्र
पूर्व मंत्री ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए प्रमुख कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी मिलने पर पंजाब में 11,000 एकड़ सरकारी भूमि पर से अवैध कब्जा हटवाया गया। इसके अलावा, एनआरआई मामलों के विभाग में कार्य करते हुए 4,000 से अधिक मामलों का निपटारा किया गया। दिसंबर से विभाग में ऑनलाइन शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की गई।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
धालीवाल ने नशे के विरुद्ध अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि वह इस लड़ाई को आगे भी जारी रखेंगे। “मैं अंतिम सांस तक पंजाब के लोगों की आवाज़ उठाता रहूंगा,” उन्होंने जोर देकर कहा।
केजरीवाल और भगवंत मान से पुराने संबंध
उन्होंने बताया कि वे अरविंद केजरीवाल के कहने पर अमेरिका से भारत लौटे थे और भगवंत मान से उनका संबंध 1992 से है। “पार्टी मुझे जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा,” उन्होंने आश्वासन दिया।