मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी में पंजाब, संजीव अरोड़ा का मंत्री बनना लगभग तय

पंजाब सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार आज (गुरुवार) दोपहर चंडीगढ़ स्थित राजभवन में होगा। यह आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल में सातवीं बार कैबिनेट का विस्तार है। लुधियाना पश्चिम उपचुनाव जीतने के बाद राज्यसभा से इस्तीफा देने वाले संजीव अरोड़ा का मंत्री बनना तय माना जा रहा है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि मौजूदा 16 सदस्यीय मंत्रिमंडल में अतिरिक्त मंत्रियों को भी शामिल किया जाएगा या नहीं, जबकि प्रदेश में अधिकतम 18 मंत्री बनाए जा सकते हैं।

राजभवन में होगा शपथग्रहण समारोह

गुरुवार दोपहर एक बजे राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, संजीव अरोड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। उपचुनाव के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अरोड़ा को मंत्री बनाए जाने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी हाल ही में इस पर मुहर लगाई थी।

राज्यसभा से इस्तीफा, विधानसभा में ली शपथ

उपचुनाव में जीत के बाद संजीव अरोड़ा ने मंगलवार को राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। सभापति जगदीप धनखड़ ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। अरोड़ा पहली बार अप्रैल 2022 में राज्यसभा पहुंचे थे और उनका कार्यकाल 2028 तक था। 28 जून को उन्होंने पंजाब विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ ली।

कांग्रेस प्रत्याशी को दी 10 हजार वोटों से शिकस्त

लुधियाना पश्चिम सीट पर हुए उपचुनाव में अरोड़ा ने कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु को 10 हजार से अधिक वोटों से हराया। यह सीट आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत बसी गोगी के निधन के बाद रिक्त हुई थी।

राजनीतिक हलचल में भी आए थे चर्चा में

पिछले साल अक्टूबर में ईडी ने संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी की थी। उन पर जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी के आरोप लगे थे। इस पर अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी थी कि यह बदले की भावना से की गई कार्रवाई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here