जयपुर सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी की संदिग्ध मौत

राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली जयपुर सेंट्रल जेल में गुरुवार शाम एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। जेल की बैरक नंबर-8 में बंद उम्रकैद की सजा भुगत रहे कैदी नरेश मूलानी उर्फ नीशू (34) का शव बाथरूम में संदिग्ध अवस्था में फंदे से लटका मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरेश मूलानी को वर्ष 2022 में जयपुर के नाहरगढ़ क्षेत्र में एक किन्नर की निर्मम हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। दोष सिद्ध होने पर अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। मूलतः ‘बगरू वालों का रास्ता’, नाहरगढ़ का निवासी नरेश जेल में शांत स्वभाव का बताया गया है और किसी गुट में शामिल नहीं था।

गुरुवार शाम लगभग 5 बजे वह बाथरूम की ओर गया। कुछ समय बाद अन्य कैदियों ने उसे खिड़की के सहारे बने फंदे से लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

सूचना पर लालकोठी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एसआई बन्ना लाल के नेतृत्व में टीम ने शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक छानबीन शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया है।

प्राथमिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है, लेकिन परिस्थितियों की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। जेल प्रशासन ने बाथरूम और बैरक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही ड्यूटी पर मौजूद जेलकर्मियों और कैदियों से भी पूछताछ की जा रही है। मृत्यु के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here