धान प्रधान तीस जिलों में प्रतिबंधित किए गए दस कीटनाशकों के बदले किसान क्या इस्तेमाल करें, इसके विकल्प कृषि रक्षा विभाग ने जारी कर दिए हैं। कहा गया है कि ये प्रतिबंध भी केवल बासमती धान के लिए लागू किए गए हैं। अन्य फसलों में वैज्ञानिकों की संस्तुति पर इन रसायनों का प्रयोग किया जा सकता है।

कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने सूचित किया था कि कीटनाशकों के अधिकतम अवशेष स्तर केकड़े मानकों के कारण  यूरोपीय संघ, संयुक्त राज्य अमेरिका और खाड़ी देशों के आयतक देशों में अपने देश के बासमती चावल के निर्यात को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 2020-2021 की तुलना में वर्ष 2021-2022 में बासमती के निर्यात में 15 प्रतिशत की गिरावट आई है। दरअसल इन देशों द्वारा चावल में अधिकतम अवशेष मात्रा का स्तर (एमआरएल) 0.01 पीपीएम निर्धारित कर दिया गया है।

इसका परिणाम यह रहा कि सरकार ने प्रदेश के तीस धान प्रधान जिलों में अगले दो माह के लिए इन कीटनाशकों के फार्मूलेशन, बिक्री, वितरण एवं प्रयोग पर प्रतिबिंधित लगा दिया। उधर, किसान इससे परेशान थे कि धान की फसल पर पहले ही सूखे और बारिश की मार रही। अब कीटों ने हमला बोला है तो कीटनाशक प्रतिबंधित कर दिए गए और विकल्प जारी नहीं किए गए। इस प्रकरण को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया। अपर कृषि निदेशक (कृषि रक्षा ने) त्रिपुरारी प्रसाद चौधरी ने मंगलवार को प्रतिबंधित किए गए कीटनाशकों के विकल्प जारी कर दिए। प्रत्येक के तीन तीन विकल्प दिए गए हैं। उन्होेंने बताया कि किसान इसका भी ख्याल रखें कि प्रतिबंध केवल बासमती धान की फसल के लिए लगाया गया है। अन्य फसलों के लिए नहीं।

ये दिए हैं विकल्प
प्रतिबंध              विकल्प                                                                        रोग

ट्राइसाइक्लाजोल    टेबुकोनाजोल, डाइफेनोकोनाजोल, हेक्साकोनाजोल  शीथ ब्लाइट
बुप्रोफेजिन        इमिडाक्लोप्रिड, बाइफेन्थ्रिन, फिप्रोनिल                            फुदका
एसीफेट        इमिडाक्लोप्रिड, एसिटामिप्रिड, फिप्रोनिल                        फुदका, तना छेदक    
क्लोरपाइरीफॉस    बाइफेन्थ्रिन, क्लोरोथायोनिल, कारटाप हाइड्रोक्लोराइड तना छेदक, दीमक, पत्ती लपेटक    
मेथमिडोफॉस    कारटाप हाइड्रोक्लोराइड, क्लोरैन्ट्रानिलिप्रोल, लैम्डासाइहैलोथ्रिन, तना छेदक
प्रोपिकोनाजोल    टेबुकोनाजोल, डाइफेनोकोनाजोल, हेक्साकोनाजोल    शीथ ब्लाइट
थायोमेथाक्साम    इमिडाक्लोप्रिड, क्लोरैन्ट्रानिलिप्रोल, लैम्डासाइहैलोथ्रिन    पत्ती लपेटक, फुदका
प्रोफेनोफॉस        टेबुकोनाजोल, डाइफेनोकोनाजोल, हेक्साकोनाजोल      शीथ ब्लाइट
आइसोप्रोथियोलेन कापर आक्सीक्लोराइड, एजाक्साट्राबिन, डाइफेनोकोनाजोल  झोंका
कार्बेन्डाजिम        टेबुकोनाजोल, डाइफेनोकोनाजोल, हेक्साकोनाजोल    शीथ ब्लाइट