अलीगढ़ में खेतों में काम कर रही महिलाओं से जेवर लूटकर दहशत फैलाने वाले दो कुख्यात बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गए। रजा मोहम्मद और मोमीन नाम के इन दोनों अपराधियों को रविवार शाम अतरौली क्षेत्र के गोधा रोड पर हुई मुठभेड़ में मार गिराया गया। इस कार्रवाई में एसओजी के दो सिपाही भी घायल हुए हैं।
दोपहर में की थी लूट, शाम को घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, दोनों बदमाशों ने उसी दिन दोपहर में अतरौली क्षेत्र के खेड़ा गांव के पास एक महिला से कुंडल लूटे थे। इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी और चेकिंग अभियान तेज कर दिया।
शाम करीब 6 बजे मढ़ौली चौकी के पास चेकिंग के दौरान बाइक पर सवार दोनों बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की।
पुलिस पर फायरिंग, फिर पीछा और मुठभेड़
बदमाशों ने एसओ अतरौली की गाड़ी पर भी गोली चलाई, जो गाड़ी के ड्राइवर साइड पर लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और बदमाशों का पीछा किया।
इसी दौरान पुलिस की गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों आरोपी पास के आम के बाग में छिप गए।
घेराबंदी में ढेर हुए दोनों बदमाश
कुछ ही देर में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली। दोनों तरफ से हुई फायरिंग के दौरान रजा मोहम्मद (हापुड़ निवासी) और मोमीन (बुलंदशहर निवासी) गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिसकर्मी भी हुए घायल
मुठभेड़ के दौरान एसओजी के सिपाही अंकित के पैर में और गौरव की बाजू में गोली लगी। वहीं एक इंस्पेक्टर की बुलेट प्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जिससे वे बाल-बाल बच गए।
घायलों और बदमाशों को तुरंत नजदीकी सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों अपराधियों को मृत घोषित कर दिया।
पहले से थी पुलिस को तलाश
पुलिस के अनुसार, 17 और 21 मई को मडराक और आसपास के क्षेत्रों में महिलाओं से हुई लूट की घटनाओं में भी इन दोनों की भूमिका सामने आई थी। सीसीटीवी फुटेज और पहचान के बाद दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों ने की सराहना
घटना के बाद डीआईजी, एसएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना की।