बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध मतलब सीधा यमराज से सामना: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दो करोड़ युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। आज राज्य में न केवल बेटियां सुरक्षित हैं, बल्कि व्यापारी वर्ग भी आत्मविश्वास के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जो भी बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, उसे कानून का कड़ा दंड भुगतना पड़ेगा। मुख्यमंत्री रविवार को औरैया के अजीतमल स्थित जनता महाविद्यालय में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने जिले में मक्का की फसलों का हवाई सर्वेक्षण किया।

उन्होंने कहा कि मक्का की लहलहाती फसलें देखकर संतोष मिला है। अब जरूरी है कि उत्पादन को बढ़ाया जाए और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले। बीज, तकनीक और समय पर संसाधनों की उपलब्धता से ही किसान राज्य और देश की आर्थिक प्रगति में भागीदार बन सकता है।

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला करते हुए कहा कि पहले अपराधियों को संरक्षण प्राप्त था। ना बेटियां सुरक्षित थीं, ना व्यापारी। आज हालात बदल चुके हैं। अब अपराधियों में भय है, और जनता में विश्वास।

“पिछली सरकारें करती थीं जनता से छल, हम बढ़ा रहे हैं मक्का उत्पादन”

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि औरैया अब विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारें जनता से धोखा करती थीं और महापुरुषों का सम्मान नहीं करती थीं। उन्होंने कहा कि आज राज्य सरकार न केवल मक्का उत्पादन को प्रोत्साहित कर रही है, बल्कि ऐतिहासिक हस्तियों को भी उचित सम्मान दे रही है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि औरैया में मेडिकल कॉलेज की स्थापना पूरी हो चुकी है, जिसे अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर समर्पित किया गया है। उन्होंने अहिल्याबाई होल्कर के योगदान और व्यक्तित्व की भी सराहना की।

भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार

मुख्यमंत्री ने पूर्व सरकारों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले नौकरियों पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार का प्रभाव था। आज स्थिति पूरी तरह बदली है। राज्य सरकार ने अब तक आठ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं।

उन्होंने बताया कि 15 जून को केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा 60 हजार पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। यूपी पुलिस में अब तक 2.16 लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं। पुलिस को तकनीकी रूप से सशक्त किया गया है। शिक्षा विभाग में 1.60 लाख शिक्षकों की नियुक्ति सहित अन्य विभागों में भी पारदर्शी भर्तियां की गई हैं।

योगी ने बताया कि बेहतर कानून व्यवस्था के चलते प्रदेश में निवेश बढ़ा है, जिससे 65 लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार मिला है। वहीं, ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के अंतर्गत लगभग दो करोड़ युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं।

औरैया में तेज़ी से हो रहा विकास: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने औरैया में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि 250 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूरा किया जा चुका है। वहीं, रिजर्व पुलिस लाइन के लिए 272 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और यमुना नदी पर 151 करोड़ रुपये की लागत से ब्रिज निर्माण कार्य जारी है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के लिए 24 करोड़, कृषि विज्ञान केंद्र के विस्तार के लिए 3 करोड़ और जिला न्यायालय के लिए 250 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here