बदायूं जनपद के जुनावई थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम दर्दनाक हादसे में चाचा-भतीजे की जान चली गई। पतरिया-पाठकपुर लिंक मार्ग पर गांव लावर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
शादी में शामिल होकर लौट रहे थे चाचा-भतीजा
जानकारी के अनुसार, बबक्करपुर गांव निवासी सुंदर सिंह (47) पुत्र उदयराम अपने रिश्ते के भतीजे धर्मवीर (32) पुत्र नन्हू निवासी अलीनगर, थाना इस्लामनगर, जनपद बदायूं के साथ थाना धनारी क्षेत्र के सैमला भूड़ गांव में एक रिश्तेदार की बेटी की शादी में शामिल होने आए थे। शुक्रवार शाम दोनों सब्जी व मसाले पिसवाने के लिए पतरिया गांव गए थे। लौटते समय बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह बिजली के पोल से जा टकराई।
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी, पुलिस ने पहुंचकर कराया इलाज
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी जुनावई ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी उमेश सिंह सोलंकी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दोनों की मौत से गांव में मातम छा गया है। परिजन अस्पताल पहुंचकर शवों को देख फूट-फूट कर रो पड़े। मृतक सुंदर सिंह के चार बेटे और एक बेटी हैं। उनकी बेटी विवाहित है, जबकि दो बेटे अविवाहित हैं। वह पत्नी माया देवी और बेटों के साथ मेहनत मजदूरी कर परिवार चलाते थे। वहीं धर्मवीर के दो बेटे—अमित कुमार और सुमित कुमार—तथा दो बेटियां—मोहिनी और अदिति हैं। उनकी पत्नी कस्तूरी देवी का भी बुरा हाल है।